Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू कश्मीर:राजौरी लोस सीट पर दोपहर एक बजे तक 35.22% लोगों ने किया मतदान

May 25, 2024

जम्मू कश्मीर:राजौरी लोस सीट पर दोपहर एक बजे तक 35.22% लोगों ने किया मतदान

श्रीनगर : जम्मू कश्मीर में अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर तेजी से जारी मतदान के बीच दोपहर एक बजे तक 18.36 लाख मतदाताओं में से 35 फीसदी से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया। अधिकारियों ने यहां बताया कि राजौरी विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 52.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जबकि नौशहरा में 47.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि अनंतनाग, अनंतनाग-पश्चिम और कुलगाम विधानसभा क्षेत्र ही दो इलाके हैं जहां अभी तक 25 प्रतिशत से कम मतदान दर्ज किया गया है।

यहां निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र में दोपहर एक बजे तक 35.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि बिजबेहरा में एक घटना को छोड़कर पूरे लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान सुचारू रूप से चल रहा है। इस निर्वाचन क्षेत्र के तहत पांच जिलों कुलगाम, अनंतनाग, पुंछ, शोपियां और राजौरी के 18 से अधिक विधानसभा क्षेत्र आते हैं। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती अनंतनाग-राजौरी सीट से चुनाव लड़ रही हैं और उनके सामने नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के नेता मियां अल्ताफ अहमद हैं।

इस सीट से चुनाव लड़ रहे 20 उम्मीदवारों में अपनी पार्टी के जफर इकबाल मन्हास भी शामिल हैं। इस सीट पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे समाप्त होगा।कश्मीर घाटी के तहत आने वाले 11 विधानसभा क्षेत्रों में दोपहर एक बजे तक करीब 29 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। बहरहाल, बदलते परिदृश्य और निर्वाचन क्षेत्र में पुंछ और राजौरी इलाकों को शामिल करने से मतदान प्रतिशत पिछले चुनाव से कहीं अधिक रहने की संभावना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें