Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

अंतरिक्ष यात्री को लेकर जाने वाली पहली बोइंग उड़ान अंतिम क्षण में स्थगित

June 2, 2024

अंतरिक्ष यात्री को लेकर जाने वाली पहली बोइंग उड़ान अंतिम क्षण में स्थगित

फ्लोरिडा : अंतरिक्ष यात्री को लेकर जा रही बोइंग की पहली उड़ान का प्रक्षेपण कम्प्यूटर प्रणाली की खामी के कारण आखिरी क्षण में शनिवार को एक बार फिर स्थगित कर दिया गया। कंपनी के स्टारलाइनर कैप्सूल में अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के दो अंतरिक्ष यात्री सवार थे तभी उड़ान से पहले अंतिम मिनटों को नियंत्रित करने वाली कम्प्यूटर प्रणाली ने तीन मिनट 50 सेकंड पर उल्टी गिनती खुद रोक दी। उड़ान भरने में कुछ ही समय शेष रहने के कारण समस्या को ठीक करने का समय नहीं था और अंतत: प्रक्षेपण को स्थगित कर दिया गया।

प्रक्षेपण विफल होते ही ‘केप केनवरल स्पेस फोर्स स्टेशन’ में ‘एटलस वी रॉकेट’ पर कैप्सूल में सवार अंतरिक्ष यात्रियों बुच विलमोर और सुनी विलियम्स को बाहर निकालने के लिए तकनीशियन दौड़ पड़े। रॉकेट निर्माता ‘यूनाइटेड लॉन्स एलायंस’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टोरी ब्रुनो ने बताया कि जब तक रॉकेट का सारा ईंधन नहीं निकाला गया जब तक टीम समस्या को ठीक करने के लिए कम्प्यूटर प्रणाली तक नहीं पहुंच पायी। समस्या को ठीक कर बुधवार सुबह तक प्रक्षेपण का अगला प्रयास किया जा सकता है।

अगर यह रॉकेट आगामी सप्ताह में उड़ान नहीं भर सका तो रॉकेट को पैड से हटाने और बैटरियों को बदलने के लिए जून मध्य तक का समय लगेगा। यह प्रक्षेपण का दूसरा प्रयास था। पहला प्रयास छह मई को किया गया था लेकिन वह भी वॉल्व संबंधी समस्या के कारण स्थगित हो गया था। कैप्सूल में दिक्कतों के कारण कई साल से लंबित बोइंग की पहली उड़ान में एक बार फिर देरी हो गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें