Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

T20 World Cup : गेंद-बल्ला और क्रिकेटरों की फोटो लेकर महादेव के मंदिर पहुंचे फैंस

June 5, 2024

T20 World Cup : गेंद-बल्ला और क्रिकेटरों की फोटो लेकर महादेव के मंदिर पहुंचे फैंस

वाराणसी : मिशन विश्व कप 2024 के लिए भारतीय टीम तैयार है और बुधवार यानी आज न्यूयॉर्क में टूर्नामेंट का अपना पहला मैच खेलेगी। इसे लेकर देश भर में गजब का उत्साह है। वहीं काशी के क्रिकेट फैंस टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना करने में जुट गए हैं। मेगा-इवेंट के लिए टीम इंडिया को देशभर से शुभकामनाएं मिल रही है। टीम इंडिया की जीत के लिए फैंस कहीं हवन कर रहे हैं तो कुछ फैंस हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं। ऐसे में धार्मकि नगरी वाराणसी के क्रिकेट फैंस कहां पीछे रहने वाले थे।

कई तस्वीरें वाराणसी से सामने आई हैं, जहां भारतीय टीम की जीत के लिए फैंस महादेव से प्रार्थना कर रहे हैं। वाराणसी में गेंद-बल्ला और क्रिकेटरों की फोटो लेकर क्रिकेट प्रेमी गंगा किनारे स्थित प्रह्लादेश्वर मंदिर पहुंचे और वहां हनुमान चालीसा का पाठ करते नजर आए। किसी के हाथ में विराट की फोटो थी, तो कुछ बल्ला लिए नजर आए। उनका मानना था कि इससे भारतीय क्रिकेटरों को हनुमान जी बल प्रदान करेंगे, जिससे टीम इंडिया विरोधी टीम की धज्जियां उड़ा देगी।

एक स्थानीय क्रिकेट प्रेमी सूरज ने कहा, ‘बच्चों और युवाओं से देश के बुजुर्गों तक टी20 वर्ल्ड कप को लेकर भरपूर जोश और उत्साह है। हम सभी यही प्रार्थना कर रहे हैं कि टीम इंडिया के खिलाड़ियों को हनुमान जी बल प्रदान करें। एक अन्य स्थानीय क्रिकेट प्रेमी विकास ने कहा, ‘टूर्नामेंट का पहला मैच आयरलैंड से है, जिसकी हमें टेंशन नहीं है क्योंकि टीम इंडिया इस टीम को एकतरफा मुकाबले में हरा देगी।

किंग कोहली, जायसवाल, हार्दकि पांड्या और हिटमैन रोहित शर्मा ऑयरलैंड के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ देंगे। तो वहीं कुलदीप यादव की स्पिन और जसप्रीत बुमराह की यॉर्कर के आगे आयरिश बल्लेबाज घुटने टेक देंगे। हमारा लक्ष्य पाकिस्तान को हराना है, जिसे हमारी टीम 9 जून को बुरी तरह पटखनी देने वाली है। भारत की टी20 विश्व कप की शुरुआत बुधवार को आयरलैंड के खिलाफ होगी।

यह मुकाबला उसी मैदान पर खेला जाएगा, जहां 9 जून को भारत का सामना कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। एक ओर टीम इंडिया है जिसे ट्रॉफी की तलाश है, वहीं दूसरी ओर क्रिकेट की दुनिया में पहचान बना रही आयरलैंड है। भारत के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ हो जरूर हो रही है, लेकिन उसकी असली अग्नि परीक्षा 9 जून को होगी जब टीम इंडिया का सामना पाकिस्तान से होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें