Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

यूक्रेन ने क्रीमिया में रूसी मिसाइल सिस्टम पर किया हमला, कई ठिकानों पर किए गोला-बारूद से विस्फोट

June 11, 2024

यूक्रेन ने क्रीमिया में रूसी मिसाइल सिस्टम पर किया हमला, कई ठिकानों पर किए गोला-बारूद से विस्फोट

कीव: यूक्रेनी सेना ने क्रीमिया में तीन रूसी मिसाइल सिस्टम पर हमला किया। इसकी जानकारी यूक्रेनी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने एक बयान जारी कर दी। बयान के अनुसार, पश्चिमी क्रीमिया के येवपटोरिया शहर के पास एक एस-300 सिस्टम पर हमला किया गया, जबकि दूसरा हमला पड़ोसी गांव चोरनोमोरस्क के पास किया गया। इसके अलावा, यूक्रेनी सेना ने उत्तरी क्रीमिया के दजानकोय क्षेत्र में एक एस-400 कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाया और मिसाइलें दागी।

हमले में रडार स्टेशन नष्ट हो गए और रूसी ठिकानों पर गोला-बारूद से जबरदस्त विस्फोट हुआ। बयान के अनुसार, हमलों के चलते क्रीमिया में रूसी वायु रक्षा को काफी नुकसान हुआ है। बता दें कि पिछले महीने भी यूक्रेन ने क्रीमिया में रूसी सेना पर अमेरिका से मिली मिसाइलों से हमला किया था। स्वतंत्र मीडिया ने क्रीमिया में 3 सैन्य ठिकानों पर हमलों की सूचना दी थी। इस हमले में कई लोग हताहत हुए थे। इस हमले के जवाब में रूसी वायु रक्षा प्रणालियों ने यूक्रेन की एटीएसीएमएस मिसाइलों को नष्ट कर दिया था।

दरअसल, यह मिसाइल यूक्रेन को अमेरिका ने दी थी। अमेरिका ने तब घोषणा की थी कि वह यूक्रेन को नए हथियार पैकेज के हिस्से के रूप में एटीएसीएमएस मिसाइल देगा, जिनकी रेंज 165 किलोमीटर तक है। क्रीमिया रूसी सेना के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। यूक्रेन में सैनिकों, हथियारों और गोला-बारूद की आपूर्ति इसी प्रायद्वीप के जरिए होती है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने क्रीमिया समेत रूस द्वारा कब्जाए गए सभी क्षेत्रों को वापस हासिल करने का संकल्प लिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें