Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

गांव गदराना में गैंगस्टर जग्गा सिंह के बेटे ने मचाया गदर,युवक की गोली मारकर की हत्या, मामला दर्ज

June 11, 2024

गांव गदराना में गैंगस्टर जग्गा सिंह के बेटे ने मचाया गदर,युवक की गोली मारकर की हत्या, मामला दर्ज

सिरसा: गांव गदराना में आज सुबह कुछ लोगों ने एक व्यक्ति पर तेजधार हथियार से हमला करने के बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर कालांवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस वारदात के बाद पूरे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। जिसके चलते गांव में काफी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल हॉस्पिटल में लगाया गया है।

पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों का बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ये हत्या दो गुटों के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश के कारण हुई है। दोनों ही गुटों के लोगों पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार गांव गरदाना निवासी देवेंद्र सिंह उर्फ गग्गू पुत्र गुरजंट सिंह आज सुबह अपने घर के बाहर कुत्ते को घुमा रहा था।

इसी दौरान गांव तख्तमल निवासी जग्गा सिंह के बेटा गुरविंद्र सिंह उर्फ हरजिंद्र सिंह अपने साथियों के साथ आ गया। गुरविंद्र सिंह व उसके साथियों ने गग्गू पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। गग्गू बचने के लिए अपने घर में घुस गया तो हमलावर भी घर में घुस गए और गोली मारकर गग्गू की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर कालांवाली डीएसपी पुलिस फोर्स सहित मौके पर पहुंचे।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि मृतक गग्गू के परिजनों के बयान पर आरोपी गुरविंद्र सिंह व उसके साथियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। शव का सिविल हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, गांव में तनाव की स्थिति देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच मृतक का अंतिम संस्कार करवाया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें