Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

केंद्र की एनडीए सरकार ‘पंगु’; विपक्ष ने भाजपा को करारा झटका दिया : राहुल गांधी

June 13, 2024

केंद्र की एनडीए सरकार ‘पंगु’; विपक्ष ने भाजपा को करारा झटका दिया : राहुल गांधी

मलप्पुरम/वायनाड (केरल): कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि केंद्र की भाजपा नीत एनडीए सरकार ‘पंगु’ है और विपक्ष ने 2024 के लोकसभा चुनावों में भगवा दल को करारा झटका दिया है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि देश की जनता ने भाजपा और नरेंद्र मोदी को स्पष्ट संदेश दिया है और इसलिए प्रधानमंत्री को अब अपना रवैया बदलना होगा।

कांग्रेस नेता ने राज्य के वायनाड जिले के कलपेट्टा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, सच्चाई यह है कि आज केंद्र में एक पंगु सरकार है। ‘इंडिया’ गठबंधन ने उसे इतनी बुरी तरह से हराया है कि वह ठीक से नहीं चल सकती। निश्चित रूप से यह ऐसी सरकार नहीं है जो देश का नेतृत्व करने में सक्षम हो। वायनाड लोकसभा सीट से लगातार दूसरी बार भारी अंतर से जीतने के बाद यह राज्य का उनका पहला दौरा है।

राहुल गांधी ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन ने ‘नरेंद्र मोदी के विचार को पूरी तरह से समाप्त कर दिया है।’ उन्होंने कहा, आज आप जिस नरेंद्र मोदी को देख रहे हैं, वह चुनाव से पहले के नरेंद्र मोदी से बिल्कुल भिन्न है। इससे पहले, उन्होंने दिन में मलप्पुरम जिले के एडवन्ना में कहा, आप देखेंगे कि दिल्ली में जो सरकार बनी है, वह एक पंगु सरकार है। विपक्ष ने भाजपा को करारा झटका दिया है।

आप देखेंगे कि नरेंद्र मोदी का रवैया भी बदला होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से ‘बुनियादी गलतफहमी’ कांग्रेस नेता ने कहा, उन्होंने (प्रधानमंत्री और शाह) सोचा कि उनके पास राजनीतिक शक्ति है, उनके पास ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग है, इसलिए वे लोगों से अपनी बात मनवा सकते हैं। केरल, उत्तर प्रदेश और अन्य सभी राज्यों के लोगों ने प्रधानमंत्री को दिखा दिया..भारत के लोगों ने उन्हें बताया कि संविधान हमारी आवाज है। संविधान को नहीं छुएं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें