Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

विजीलैंस ने ESIC डिस्पेंसरी के शाखा प्रबंधक को 10,000 रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में किया गिरफ्तार

June 13, 2024

विजीलैंस ने ESIC डिस्पेंसरी के शाखा प्रबंधक को 10,000 रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में किया गिरफ्तार

चंडीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो (वीबी) ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के दौरान गुरुवार को ईएसआईसी डिस्पेंसरी, फोकल प्वाइंट लुधियाना के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार कथूरिया को 10,000 रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस सम्बन्धी जानकारी देते हुए राज्य ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी के विरुद्ध यह मामला लुधियाना शहर के ढंडारी खुर्द निवासी अनुज कुमार द्वारा मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार निरोधक एक्शन लाइन पोर्टल पर दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है।

अधिक जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया है कि ईएसआईसी लुधियाना के उक्त शाखा प्रबंधक ने उसके मित्र की पत्नी को पेंशन जारी करने के लिए 10,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। प्रवक्ता ने बताया कि इस शिकायत के सत्यापन के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए हैं, क्योंकि मौखिक साक्ष्य के साथ-साथ शिकायतकर्ता और आरोपी के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग से भी इसका समर्थन हुआ है। उन्होंने आगे बताया कि इस सम्बन्ध में उपरोक्त आरोपी के विरुद्ध विजीलैंस ब्यूरो के थाना लुधियाना रेंज में भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के अन्तर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा उसे कल सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें