Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

बारिश के कारण अमेरिका-आयरलैंड का मैच रद्द, पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप से हुई बाहर, USA सुपर 8 में पहुंचा

June 15, 2024

बारिश के कारण अमेरिका-आयरलैंड का मैच रद्द, पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप से हुई बाहर, USA सुपर 8 में पहुंचा

फोर्ट लाउडरहिल (फ्लोरिडा): अमेरिका ने शुक्रवार को यहां आयरलैंड के खिलाफ मैच रद्द होने के बाद अपने पहले ही प्रयास में टी20 विश्व कप के ग्रुप चरण को पार करने के साथ ही पूर्व चैम्पियन पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

अमेरिका ने अपने पहले दो मुकाबलों में पड़ोसी देश कनाडा और मजबूत पाकिस्तान पर जीत दर्ज की थी। उसे भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा लेकिन ग्रुप ए में उसका आयरलैंड के खिलाफ आखिरी मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। इस मैच रद्द होने से वह ग्रुप से से भारत के साथ सुपर आठ चरण में पहुंच गया।

अंपायरों ने कई बार मैदान का निरीक्षण करने के बाद आउटफील्ड गीली होने के कारण मैच को रद्द करने का फैसला किया। जिसका मतलब यह हुआ कि पाकिस्तान की मजबूत टीम उस टूर्नामेंट से बाहर हो गई, जिसे उन्होंने 2009 में जीता था।

अमेरिका ने ग्रुप लीग अभियान को चार मैचों में पांच अंकों के साथ समाप्त किया और पाकिस्तान अगर आयरलैंड के खिलाफ अपना आखिरी मैच जीत भी जाता है तो अधिकतम चार अंकों तक पहुंच सकता है।

पाकिस्तान रविवार को न्यूयॉर्क में भारत के खिलाफ जीत के लिए 120 रन का लक्षय़ हासिल करने में नाकाम रहा था। इससे पहले, डलास में अपने शुरुआती मैच में उसे अमेरिका से सुपर ओवर में करारी हार का सामना करना पड़ा था।

अमेरिका ने लगभग टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में लगभग 200 रनों का पीछा करते हुए कनाडा पर शानदार जीत दर्ज की थी। उसने टी20 विश्व कप के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक में पिछले साल के उपविजेता पाकिस्तान को झटका दिया और फिर खिताब के प्रबल दावेदार भारत को कड़ी टक्कर दी। टीम ने इससे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में बांग्लादेश को शिकस्त दी थी। फोर्ट लाउडरहिल फ्लोरिडा का हिस्सा है जो उष्णकटिबंधीय तूफान की चपेट में है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें