Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

Amul ने आइसक्रीम से कनखजूरा मिलने की शिकायत के बाद जांच के लिए शिकायतकर्ता से वापस मांगा उत्पाद

June 17, 2024

Amul ने आइसक्रीम से कनखजूरा मिलने की शिकायत के बाद जांच के लिए शिकायतकर्ता से वापस मांगा उत्पाद

 

नयी दिल्ली: अमूल ने नोएडा में एक महिला ग्राहक से आइसक्रीम का टब वापस करने का सोमवार को अनुरोध किया ताकि उसकी गहन जांच की जा सके। महिला ने दावा किया था कि उसे आइसक्रीम से कनखजूरा मिला है। कंपनी ने साथ ही कहा कि वह भारत और वैश्विक बाजारों में बेहतर गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने को प्रतिबद्ध है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि नोएडा में एक महिला ने दावा किया है कि उसने एक ‘इंस्टेंट डिलीवरी ऐप’ के जरिए आइसक्रीम मंगवाई थी जिसके अंदर उसे एक कनखजूरा मिला है। अमूल ब्रांड के तहत दुग्ध उत्पादों का विपणन करने वाले गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन संघ (जीसीएमएमएफ) ने नोएडा में महिला ग्राहक को हुई असुविधा पर खेद व्यक्त किया। नोएडा के खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

अमूल ने एक बयान में कहा कि उसने सोशल मीडिया पर मिली शिकायत पर तुरंत गौर किया। बयान में कहा गया, ‘‘ इस घटना के कारण उन्हें हुई असुविधा के लिए हमें बेहद खेद है।’’अमूल ने कहा कि उसके दल ने ग्राहक से संपर्क किया और उसी दिन (15 जून) रात साढ़े नौ बजे के बाद उससे मुलाकात की। बयान के अनुसार, ‘‘ ग्राहक के साथ हमारी बैठक के दौरान, हमने ग्राहक से जांच के लिए उक्त आइसक्रीम टब उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था, दुर्भाग्य से ग्राहक ने इसे सौंपने से इनकार कर दिया।

जब तक ग्राहक से शिकायत वाला उत्पाद वापस नहीं मिल जाता तब तक हमारे लिए मामले की जांच करना मुश्किल होगा और इसलिए इस मुद्दे पर हम कोई टिप्पणी नहीं कर पाएंगे’’बातचीत के दौरान, ग्राहक को अमूल के अत्याधुनिक आईएसओ-प्रमाणित संयंत्रों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही आश्वासन दिया गया कि ग्राहकों तक बिक्री के लिए पहुंचने से पहले उत्पाद कई कठोर गुणवत्ता जांचों से गुजरते हैं। सहकारी संगठन ने ग्राहक से गहन जांच के लिए आइसक्रीम टब वापस करने का अनुरोध किया। अमूल ने कहा, ‘‘ ग्राहक से उत्पाद मिलने के बाद, हम सभी पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच करेंगे और निष्कर्षों के साथ फिर से अपने ग्राहकों के पास लौटेंगे।

ये भी पढ़ें: मुंबई में दर्दनाक हादसा: बिरयानी और तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें