Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

विजिलेंस ब्यूरो ने 18,000 रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में ASI को किया गिरफ्तार

June 19, 2024

विजिलेंस ब्यूरो ने 18,000 रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में ASI को किया गिरफ्तार

चंडीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो (VB) ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान बुधवार को सहायक उप निरीक्षक (ASI) सिकंदर राज को 18,000 रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि, सिकंदर राज पहले पुलिस स्टेशन समराला में तैनात थे और अब लुधियाना जिले के पुलिस स्टेशन दोराहा में तैनात हैं।

VB के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने खुलासा किया कि यह मामला लुधियाना के चंडीगढ़ रोड, सेक्टर 32-ए निवासी रविंदर सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर उक्त पुलिस कर्मियों के खिलाफ दर्ज किया गया था। प्रवक्ता ने आगे बताया कि शिकायतकर्ता ने अपना बयान दर्ज कराया था कि 13 मार्च, 2021 को उनके ड्राइवर राजदीप सिंह निवासी खडूर साहिब, तरनतारन जिले और हेल्पर बिरजू निवासी संजय गांधी कॉलोनी, लुधियाना का समराला के नीलों पुल के पास सड़क दुर्घटना हो गई थी।

उस दिन एएसआई सिकंदर राज थाना समराला से अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों को थाने ले गए। इसके बाद एएसआई सिकंदर राज ने शिकायतकर्ता से उसके ड्राइवर की जमानत, उसके वाहन पर लदा सामान छोड़ने और उसके खिलाफ दर्ज दुर्घटना के मामले से उसके ड्राइवर को बरी करवाने के लिए 20,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। आखिरकार सौदा 18,000 रुपये में तय हुआ।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग के बारे में बातचीत रिकॉर्ड कर ली और सबूत के तौर पर वीबी को सौंप दी। प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए। एएसआई सिकंदर राज, जो अब थाना दोराहा में तैनात है, के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को आज वीबी रेंज लुधियाना की एक टीम द्वारा थाना दोराहा से गिरफ्तार किया गया और कल सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें