Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रेम विवाह से नाराज नाबालिग भाई ने बहन को गोलियों से भूना

June 20, 2024

प्रेम विवाह से नाराज नाबालिग भाई ने बहन को गोलियों से भूना

कैथल: नानकपुरी कॉलोनी में प्रेम विवाह करने पर अपनी 22 वर्षीय बहन से नाराज उसके 17 वर्षीय नाबालिग भाई ने घर में घुसकर उसे गोलियों से भून डाला। इस फायरिंग में युवती की सास व ननद भी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों घायलों को इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। ऑनर किलिंग की यह घटना बुधवार को दोपहर करीब दो बजे की है। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस, सीआईए-1 और एसएफएल की टीमें मौके पर पहुंच गई। वहां मौजूद लोगों की सहायता से मृतका व घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया जहां विवाहिता को डॉक्टरों ने मृत करार दे दिया और उसकी सास व ननद की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया। एसएफएल की टीमें जांच में जुट गई हैं।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले हैं। आसपास के लोगों ने बताया कि गांव क्योडक निवासी युवती कोमल ने इसी साल फरवरी में शहर के नानकपुरी कॉलोनी निवासी युवक अनिल के साथ प्रेम विवाह किया था। युवती के परिजन इस प्रेम विवाह से नाराज थे। दोपहर करीब दो बजे बाइक सवार युवकों ने नवविवाहिता कोमल के घर में घुसकर कई राउंड फायर किए। इस फायरिंग में कोमल की गर्दन पर गोली लगी जिससे उसकी मौत हो गई। उसकी सास कांता देवी के पेट में गोली लगी और उसकी ननद अंजलि की बाजू में लगी। गोलियों की आवाज सुनकर जैसे ही आसपास के लोग घरों से बाहर आए तो आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। घटना के बाद डीएसपी गुरविंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

मृतका के ससुर बंसीलाल ने बताया कि विवाहिता के परिजनों ने इस संबंध में पहले भी उसके परिवार को धमकी दी थी। इस पर युवक व युवती ने सुरक्षा भी ली थी लेकिन बाद में अपने घर आ गए थे। फायरिंग करने से पहले युवती के भाई ने घर के सामने बाइक पर चक्कर भी लगाया था। बाद में दोपहर के समय अपनी बहन के घर के अंदर चला गया और उससे कुछ समय बात करने के बाद गोलियां चला दी। उस समय घर पर कोई पुरुष नहीं था, केवल महिलाएं थी। शहर थाना एसएचओ बीर सिंह ने बताया कि मृतका के पति अनिल की शिकायत पर मृतका के नाबालिग भाई सहित पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें