Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत और अमेरिका का साथ मिलकर काम करना रणनीतिक हित में है : US Congressman McCaul

June 21, 2024

भारत और अमेरिका का साथ मिलकर काम करना रणनीतिक हित में है : US Congressman McCaul

वाशिंगटन: अमेरिका के एक शीर्ष सांसद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहा कि चीन को कड़ा संदेश देने के लिए मिलकर काम करना भारत और अमेरिका के रणनीतिक हित में है। उन्होंने कहा कि दोनों लोकतांत्रिक देशों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अगली पीढ़ी के हथियारों और प्रौद्योगिकी के उत्पादन में वे अग्रणी बने रहें। सांसद माइकल मैककॉल ने नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री के साथ एक मुलाकात के दौरान यह बात कही।

मैककॉल नयी दिल्ली पहुंचे एक द्विदलीय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के सदस्य हैं। विदेश मामलों की सदन समिति के अध्यक्ष मैककॉल ने यहां एक बयान में कहा, ”मैंने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि एक साथ मिलकर काम करना अमेरिका और भारत दोनों के रणनीतिक हित में है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दोनों लोकतांत्रिक देश अगली पीढ़ी के हथियार व प्रौद्योगिकी दोनों के उत्पादन में अग्रणी बने रहें।’

टेक्सास से रिपब्लिकन पार्टी के सांसद ने कहा, ”हम एक साथ मिलकर चीन की कम्युनिस्ट पार्टी को एक कड़ा संदेश भेज सकते हैं क्योंकि जब दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ खड़े होते हैं तो अत्याचार और उत्पीड़न से आजादी मिलती है।” उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को टेक्सास आकर उनसे मिलने के लिए आमंत्रित भी किया। मैककॉल ने कहा, ”लोन स्टार राज्य में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी रहते हैं और मैंने उनसे (प्रधानमंत्री मोदी से) कहा कि उनका खुले दिल से स्वागत किया जाएगा।”

मैककॉल के नेतृत्व में अमेरिकी कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और उन्हें लगातार तीसरी बार इस पद पर आसीन होने के लिए बधाई दी। प्रतिनिधिमंडल ने भारत में हाल ही में संपन्न हुए आम चुनावों में पारर्दिशता के लिए भी उनकी प्रशंसा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने नयी दिल्ली में एक बयान जारी कर कहा कि सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भारत-अमेरिका संबंधों को ‘सबसे महत्वपूर्ण’ करार दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें