Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

सेवानिवृत्ति तक बढ़िया कोष बनाने के लिए PFRDA लाएगा नया ‘लाइफ साइकिल फंड’

June 22, 2024

सेवानिवृत्ति तक बढ़िया कोष बनाने के लिए PFRDA लाएगा नया ‘लाइफ साइकिल फंड’

नई दिल्ली: पैंशन कोष नियामक पीएफआरडीए युवाओं के बीच नई पैंशन व्यवस्था (एनपीएस) को आकर्षक बनाने के लिए ‘न्यू बैलेंस्ड लाइफ साइकिल फंड’ पेश करने की तैयारी में है। इससे सेवानिवृत्ति तक अंशधारक को एक अच्छा-खासा कोष बनाने में मदद मिलेगी। पीएफआरडीए की इस प्रस्तावित योजना के तहत इक्विटी कोष में लंबे समय तक अधिक निवेश राशि आवंटित की जा सकेगी। इस योजना के अंतर्गत अंशधारक के 45 साल का होने पर इक्विटी निवेश में धीरे-धीरे कमी आएगी जबकि अभी 35 साल से यह कटौती शुरू हो जाती है।


पैंशन कोष विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के चेयरमैन दीपक मोहंती ने शुक्रवार को यहां कहा, ‘‘हम अधिक लंबे समय तक इक्विटी शेयर फंड में निवेश आवंटित करने को लेकर दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में ‘न्यू बैलेंस्ड लाइफ साइकिल फंड’ लेकर आएंगे।’’ उन्होंने अटल पैंशन योजना से संबंधित एक कार्यक्रम में कहा कि एनपीएस की गैर-सरकारी कर्मचारियों के लिए लाई जाने वाली इस नई योजना के अंतर्गत 45 साल के उम्र से इक्विटी निवेश में धीरे-धीरे कमी आएगी जबकि अभी 35 साल से ही यह कटौती शुरू हो जाती है। ऐसा होने पर एनपीएस का विकल्प चुनने वाले लोग लंबे समय तक इक्विटी कोष में अधिक राशि का निवेश कर सकेंगे। इससे दीर्घकाल में पैंशन कोष बढ़ेगा जबकि जोखिम और रिटर्न के बीच संतुलन भी स्थापित होगा।

वर्तमान में अभी तीन ‘लाइफ साइकिल’ (एलसी) कोष हैं। इन्हें एलसी 75, एलसी 50 और एलसी 25 के नाम से जाना जाता है। ये ‘लाइफ साइकिल’ कोष ग्राहकों को निवेश का एक विकल्प प्रदान करते हैं। इसके तहत निवेशक इक्विटी और बॉन्ड में निवेश की जाने वाली राशि के आवंटन का विकल्प चुनते हैं। मोहंती ने अटल पैंशन योजना (एपीवाई) का जिक्र करते हुए कहा कि बीते वित्त वर्ष 2023-24 में एपीवाई से 1.22 लाख नये अंशधारक जुड़े। योजना शुरू होने के बाद से किसी एक वित्त वर्ष में अब तक की यह सर्वाधिक संख्या है। इनमें 52 प्रतिशत महिलाएं हैं।

उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में 1.3 करोड़ अंशधारकों के इस योजना से जुड़ने की उम्मीद है। मोहंती ने कहा कि जून 2024 तक एपीवाई से जुड़ने वाले अंशधारकों की कुल संख्या 6.62 करोड़ को पार कर जाने का अनुमान है। यह महिला और युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है। वहीं एनपीएस (गैर-सरकारी) के तहत पंजीकरण 2023-24 में 9.7 लाख रहा और चालू वित्त वर्ष में इसके 11 लाख तक पहुंच जाने का अनुमान है। मोहंती ने कहा कि बाजार के सामान्य रूप से काम करने पर अटल पैंशन योजना समेत कुल कोष 2024-25 में बढक़र 15 लाख करोड़ रुपए होने का अनुमान है जो वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में 12.4 लाख करोड़ रुपये था।

ये भी पढ़ें: GT vs RCB, IPL 2026: गुजरात टाइटन्स ने जीता टॉस, बेंगलुरु को बल्लेबाजी के लिए बुलाया (देखें प्लेइंग 11)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें