Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमेरिका बाल्टीमोर पुल दुर्घटना: पोत सवार भारतीय चालक दल के आठ सदस्य स्वदेश हुए रवाना

June 22, 2024

अमेरिका बाल्टीमोर पुल दुर्घटना: पोत सवार भारतीय चालक दल के आठ सदस्य स्वदेश हुए रवाना

वाशिंगटन: अमेरिका के मैरीलैंड प्रांत में मार्च में बाल्टीमोर में पुल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुए मालवाहक पोत ‘डाली’ के भारतीय चालक दल के आठ सदस्य तीन महीने बाद शुक्रवार को स्वदेश रवाना हुए। ‘बाल्टीमोर मैरीटाइम एक्सचेंज’ के अनुसार 21 सदस्यीय चालक दल में से चार अब भी मालवाहक पोत ‘एमवी डाली’ पर ही हैं जो कि शुक्रवार शाम वर्जीनिया के नॉरफॉक के लिए रवाना होगा।

चालक दल को शेष सदस्यों को बाल्टीमोर के एक सरकारी आवास में ले जाया गया है और जांच पूरी होने तक वे सभी वहीं रहेंगे। पोत सवार चालक दल के 20 सदस्य भारतीय नागरिक थे। इस दुर्घटना में छह श्रमिकों की मौत हो गई थी। इस मालवाहक पोत की मरम्मत नॉरफॉक में की जाएगी। न्यायाधीश की मंजूरी के बाद एक रसोइए, एक फिटर और नाविक सहित भारतीय चालक दल के आठ सदस्यों को स्वदेश रवाना कर दिया गया है।

इनमें से कोई भी अधिकारी स्तर का नहीं है। अन्य 13 लोग जांच पूरी होने तक अमेरिका में ही रहेंगे। ‘बाल्टीमोर इंटरनेशनल सीफेयरर्स सेंटर’ के निदेशक जोशुआ मेसिक ने ‘सीएनएन’ को बताया, ‘‘वे (चालक दल) इस बात को लेकर काफी चिंतित हैं और तनाव में हैं कि आगे क्या होगा। उन्हें नहीं पता कि वे अपने परिवार से कब मिल पाएंगे या उनके साथ यहां किस तरह का व्यवहार किया जाएगा।’’

इस दुर्घटना के संबंध में चालक दल के किसी भी सदस्य पर आरोप तय नहीं किए गए हैं। संघीय जांच ब्यूरो और अन्य एजेंसियां ?इस मामले की जांच कर रही हैं। इसी साल 26 मार्च को पोत ‘डाली’ बाल्टीमोर पुल से टकरा गया था जिससे 2.6 किलोमीटर लंबा चार लेन का यह पुल ढह गया था। ‘ग्रेस ओशन प्राइवेट लिमिटेड’ का यह जहाज बाल्टीमोर से कोलंबो जा रहा था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें