Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

World Cup 2024: Suryakumar को पछाड़कर नंबर एक टी20 बल्लेबाज बने हेड, Bumrah 24वें स्थान पर पहुंचे

June 26, 2024

World Cup 2024: Suryakumar को पछाड़कर नंबर एक टी20 बल्लेबाज बने हेड, Bumrah 24वें स्थान पर पहुंचे

दुबई: ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड बुधवार को जारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की नवीनतम रैंकिंग में भारत के सूर्यकुमार यादव को पछाड़कर दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बन गए। सूर्यकुमार यादव दिसंबर 2023 से शीर्ष पर थे। हेड ने मौजूदा टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन की बदौलत नंबर एक रैंकिंग हासिल की। ऑस्ट्रेलिया हालांकि टूर्नामेंट से बाहर हो गया है।

हेड ने टूर्नामेंट में दो अर्धशतक की मदद से 255 रन बनाए जिसमें सुपर आठ मुकाबले में भारत के खिलाफ 76 रन की पारी भी शामिल है। हेड सूर्यकुमार (842 अंक) से दो अंक आगे हैं। सूर्यकुमार दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं लेकिन उनके पास दोबारा नंबर एक रैंंिकग हासिल करने का मौका है क्योंकि भारत टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना चुका है और इस बल्लेबाज को और मौके मिलेंगे।

इंग्लैंड के फिल सॉल्ट और पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम तथा मोहम्मद रिजवान भी शीर्ष पांच में शामिल हैं। वेस्टइंडीज के जॉनसन चार्ल्स शीर्ष 10 में जगह बनाने वाले एकमात्र नए खिलाड़ी हैं। उन्हें चार स्थान का फायदा हुआ है। अफगानिस्तान के स्टार बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज को भी पांच स्थान का फायदा हुआ है। भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ जसप्रीत बुमराह 44 स्थान की लंबी छलांग के साथ 24वें स्थान पर पहुंच गए हैं

जबकि स्पिनर कुलदीप यादव भी 20 स्थान के फायदे से 11वें पायदान पर हैं। स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल आठवें स्थान के साथ शीर्ष भारतीय गेंदबाज हैं। इंग्लैंड के आदिल राशिद गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर हैं। अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन की बदौलत दूसरे स्थान हैं। जोश हेजलवुड तीन स्थान के फायदे से वनिंदु हसरंगा के बाद चौथे स्थान पर हैं।

मार्कस स्टोइनिस ने संक्षिप्त समय तक शीर्ष पर रहने के बाद ऑलराउंडरों की सूची में शीर्ष स्थान श्रीलंका के हसरंगा को गंवा दिया है। स्टोइनिस चौथे स्थान पर खिसक गए हैं। अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी दूसरे और भारत के हार्दिक पंड्या तीसरे स्थान पर हैं। वेस्टइंडीज के रोस्टन चेज ऑलराउंडरों की सूची में सबसे अधिक 17 स्थान के फायदे से 12वें स्थान पर हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें