Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

Iran President Election 2024: ईरान में राष्ट्रपति पद के लिए अब पेजेशकियन और जलीली के बीच होगा निर्णायक मुकाबला

June 30, 2024

Iran President Election 2024: ईरान में राष्ट्रपति पद के लिए अब पेजेशकियन और जलीली के बीच होगा निर्णायक मुकाबला

तेहरान : ईरान में 14वें राष्ट्रपति के लिए हुए पहले चरण के चुनाव में किसी उम्मीदवार को बहुमत नहीं मिला है। अब दो शीर्ष उम्मीदवारों मसूद पेजेशकियन और सईद जलीली के बीच सीधे मुकाबले के लिए 5 जुलाई को मतदान होगा। ईरान के चुनाव मुख्यालय के प्रवक्ता मोहसिन इस्लाम ने शनिवार को तेहरान में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहले दौर के परिणामों की घोषणा करते हुए कहा कि पेजेशकियन और जलीली को क्रमश: 10,415,991 (42.6 प्रतिशत) और 9,473,298 (38.8 प्रतिशत) वोट मिले।

मोहसिन इस्लाम ने बताया कि अन्य दो उम्मीदवारों, मोहम्मद बाकर कलीबाफ और मुस्तफा पुर मोहम्मदी को क्रमश: 3,383,340 (13.8 प्रतिशत) और 206,397 (0.8 प्रतिशत) वोट मिले। उन्होंने बताया कि लगभग 40 प्रतिशत (24,535,185) वोटरों ने मताधिकार का प्रयोग किया। राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार को स्थानीय समय के अनुसार सुबह 8 बजे शुरू हुआ था जो आधी रात तक जारी रहा।ईरान के सर्वोच्च नेता अयातोल्लाह अली ख़ामेनेई ने मतदान केंद्र पहुंचकर पहला वोट डाला।

इस दौरान उन्होंने ईरानी लोगों की एकता का आह्वान करते हुए भाषण भी दिया था। राष्ट्रपति बनने के लिए किसी उम्मीदवार को पहले दौर में 50 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त होना जरूरी है। पहले चरण में किसी को स्पष्ट बहुमत न मिलने की स्थिति में शीर्ष दो उम्मीदवारों के बीच दूसरे चरण में मुकाबला होगा।जिसे अधिक वोट प्राप्त होगा, उसे विजेता घोषित किया जाएगा। ईरान के 14वें राष्ट्रपति का चुनाव 2025 के लिए निर्धारित था। लेकिन इस साल 19 मई को हेलीकॉप्टर दुर्घटना में राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की मौत हो गई जिस वजह से समय से पहले चुनाव कराने की जरूरत पड़ी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें