अमृतसर: पूर्व मंत्री अश्वनी सेखड़ी ने लुधियाना में भाजपा कार्यकारणी बैठक के उपरांत केन्द्रीय रेल व खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से मुलाकात की। अश्वनी सेखड़ी ने मंत्री बिट्टू से मांग की कि लोगों की सहूलियत के लिए अमृतसर बटाला रेल रूट पर डीएमयू पहले से ही चल रही है लेकिन इसकी संख्या कम होने से यात्रियों को काफी समय इंतजार करना पड़ता है। डीएमयू की संख्या बढ़ाकर यात्रियों को राहत दी जाए। उन्होंने बिटटू से कहा कि बटाला-अमृतसर रेल सेवा दिल्ली की मैट्रो रेल की तर्ज पर होनी चाहिए।
इसके लिए अमृतसर-बटाला डीएमयू हर दस मिनट बाद चलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस रूट पर डीएमयू की शुरुआत भी उनकी कोशिशों से हुई थी। अब हर 10 मिनट पर डीएमयू इस रूट पर चलाने के लिए उनकी कोशिश भी अवश्य फल लाएगी। वह मंत्री रवनीत बिट्टू से दिल्ली में उनके कार्यालय में शीघ्र मिलने जाएंगे और लोगों को इस सुविधा का लाभ अवश्य दिलाएंगे। उन्होंने बताया कि उनके रवनीत बिट्टू के दादा स्वर्गीय बेअंत सिंह के साथ पारिवारिक संबंध रहे हैं और अब रवनीत बिट्टू के साथ भी अच्छे संबंध हैं। गुरुनगरी अमृतसर और बटाला के उद्योग को बचाने के लिए 23 जुलाई को पेश होने जा रहे केंद्रीय बजट में विशेष आर्थिक पैकेज दिलाने बारे भी बिट्टू से बातचीत की जिसका कारोबारी बहुत बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।