Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजनीतिक बयानबाजी पर ‘विराम’ लगाने का आया समय : Joe Biden

July 15, 2024

राजनीतिक बयानबाजी पर ‘विराम’ लगाने का आया समय : Joe Biden

मिलवॉकी : अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले की घटना का जिक्र करते हुए रविवार को जनता से संकट की इस घड़ी में एकजुट होने का आह्वान किया और कहा कि समय आ गया है कि देश में राजनीतिक बयानबाजी पर ‘‘विराम’’ लगाया जाए। राष्ट्रपति कार्यालय ‘ओवल ऑफिस’ से राष्ट्र को संबोधित करते हुए जाे बाइडेन ने कहा, कि ‘मैं आज रात आपसे राजनीतिक बयानबाजी को कम करने की जरूरत पर बात करना चाहता हूं और यह कहना चाहता हूं कि भले ही हम एक-दूसरे से असहमत हों, लेकिन हम दुश्मन नहीं हैं। हम पड़ोसी हैं, मित्र हैं, सहकर्मी हैं, देश के नागरिक हैं और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम अमेरिकी हैं।’’

राष्ट्रीय एकता का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा, कि ‘हमें एक साथ खड़ा होना चाहिए।’’ जाे बाइडेन ने कहा, कि ‘कल पेनसिल्वेनिया में डोनाल्ड ट्रंप की रैली में हुई गोलीबारी की घटना हमें यह सोचने के लिए मजबूर करती है कि हम कहां खड़े हैं और यहां से आगे हमें किस दिशा में बढ़ना है।’’ पेनसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान ट्रंप पर गोली चलाए जाने की घटना के बाद से 24 घंटे से भी कम समय में राष्ट्रपति ने तीसरी बार संबोधन दिया है।

जाे बाइडेन ने कहा कि इस हमले के पीछे के कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा, कि ‘हम उसके (हमलावर) मकसद के बारे में नहीं जानते। फिलहाल यह नहीं पता चल पाया है कि उसे किसी से मदद मिली थी या समर्थन प्राप्त था या इस साजिश में कोई और भी शामिल था या नहीं। कानून प्रवर्तन अधिकारी इन सभी सवालों के जवाब खोज रहे हैं।’’

राष्ट्रपति ने कहा, कि ‘सिर्फ अपनी पसंद के उम्मीदवार का समर्थन करने और उसे चुनने की आजादी का इस्तेमाल करने के लिए पूर्व राष्ट्रपति पर गोली चलाई गई और एक अमेरिकी नागरिक की हत्या कर दी गई। अमेरिका के लोग इस रास्ते पर नहीं चल सकते.. हमें ऐसा नहीं करना चाहिए। हिंसा किसी भी चीज का हल नहीं है।’’ जाे बाइडेन ने कहा, कि ‘अमेरिका में किसी भी तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। हम इस तरह की हिंसा को किसी भी कीमत पर बढ़ावा नहीं दे सकते।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें