
पणजी : गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि पिछले एक दशक में लगभग 26,000 गोवावासियों ने अपने भारतीय पासपोर्ट जमा कर दिए और ‘नये वीजा/निकास परमिट’ के लिए आवेदन किया। सावंत ने मंगलवार को राज्य विधानसभा के मौजूदा मानसून सत्र में प्रश्नकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष युरी अलेमाओ की ओर से पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, कि ‘विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एक जनवरी 2014 से 31 मार्च 2024 के बीच गोवा राज्य में कुल 25,939 लोगों ने अपने भारतीय पासपोर्ट जमा करा दिए।’’ सदन में पेश किए गए आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2014 में 2,037 लोगों ने अपने भारतीय पासपोर्ट जमा करने के बाद ‘‘नये वीजा/निकास परमिट’’ के लिए आवेदन किया। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2016 में ऐसे लोगों की संख्या बढ़कर 4,121 हो गई, जबकि वर्ष 2017 में यह घटकर 3,623 और 2019 में 2,958 पर पहुंच गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2021 में भारतीय पासपोर्ट जमा करने के बाद ‘‘नये वीजा/निकास परमिट’’ के लिए आवेदन करने वालों की संख्या और भी घटकर 954 हो गई, लेकिन 2023 में यह एक बार फिर बढ़कर 2,094 पर पहुंच गई।