Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

आजीवन कारावास की सजा काट रहे भाजपा के पूर्व विधायक जेल से रिहा

July 25, 2024

आजीवन कारावास की सजा काट रहे भाजपा के पूर्व विधायक जेल से रिहा

प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के एक विधायक की हत्या मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक उदयभान करवरिया को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा क्षमादान दिए जाने के बाद बृहस्पतिवार को जेल से रिहा कर दिया गया। नैनी सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक रंग बहादुर पटेल ने बताया, उदयभान करवरिया की रिहाई के आदेश बुधवार शाम को प्राप्त हुए। आदेश पर अमल करते हुए उन्हें बृहस्पतिवार सुबह रिहा कर दिया गया।’’ राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 161 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए करवरिया की समयपूर्व रिहाई के लिए राज्य सरकार की सिफारिश को स्वीकार करते हुए उन्हें रिहा करने का आदेश पारित किया था।

अधिकारियों ने बताया कि प्रयागराज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिला मजिस्ट्रेट ने जेल में करवरिया के अच्छे आचरण का हवाला देते हुए उन्हें रिहा करने की सिफारिश की थी। प्रयागराज में एक अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने समाजवादी पार्टी के विधायक जवाहर यादव की अगस्त 1996 में हुई हत्या मामले में चार नवंबर 2019 को करवरिया को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। यादव की प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और करवरिया, उनके भाइयों कपिलमुनि करवरिया और सूरजभान करवरिया और एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें