Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Britain के साउथपोर्ट में बच्चों के क्लब में चाकू से हमले में 7 लड़कियों सहित 8 बच्चे घायल, संदिग्ध गिरफ्तार

July 30, 2024

Britain के साउथपोर्ट में बच्चों के क्लब में चाकू से हमले में 7 लड़कियों सहित 8 बच्चे घायल, संदिग्ध गिरफ्तार

लंदन: ब्रिटेन के साउथपोर्ट (Southport) शहर में सोमवार दोपहर बच्चों के क्लब में हुई चाकूबाजी की घटना में छह से सात लड़कियों सहित कम से कम आठ लोग घायल हो गए। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने सुबह करीब 11.50 बजे साउथपोर्ट के हार्ट स्ट्रीट पर हुए हमले के संदिग्ध को चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया। उत्तर पश्चिमी एंबुलेंस सेवा ने कहा कि उसके कर्मचारियों ने आठ घायलों का इलाज किया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

एक महिला ने बताया कि उसने मदद के लिए एक मां की चीख सुनी, उसकी बेटी को चाकू मारा गया था। नाम न बताने की शर्त पर महिला ने बीबीसी को बताया कि मां ने कहा कि उसकी बेटी बमुश्किल होश में थी। हार्ट स्ट्रीट पर एक दुकान के मालिक ने स्थानीय मीडिया को बताया कि उसने सात से दस बच्चों को खून से लथपथ देखा। उन सभी की उम्र लगभग दस वर्ष थी। उसने बताया कि पुलिस ने एक व्यक्ति को उस इमारत से बाहर निकाला, जहां हमला हुआ था।

उसने यह भी कहा कि उसे बताया गया कि हमलावर एक टैक्सी में आया था और उसके पास एक चाकू था। मौके पर पहुंचे स्थानीय पत्रकार टिम जॉनसन, ने बताया कि यह घटना होप ऑफ हार्ट चिल्ड्रन क्लब में हुई। बीबीसी के अनुसार,” घायल बच्चों के माता-पिता उनके पीछे भाग रहे थे। यह भयानक था। मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा।”मैंने एंबुलेंस में पुरुषों और महिलाओं को रोते हुए देखा। सड़कों पर लोग रो रहे थे।”

घायलों को एल्डर हे चिल्ड्रन हॉस्पिटल ले जाया गया। कुछ घायलों को ऐंट्री यूनिवर्सिटी अस्पताल और साउथपोर्ट तथा फॉर्मबी अस्पताल भी ले जाया गया। मर्सीसाइड पुलिस ने एक बयान में कहा, “घटना के सिलसिले में 17 वर्षीय एक लड़के को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।” बयान में कहा गया,” घटना आतंकवाद से संबंधित नहीं है और हम इस घटना के संबंध में किसी और की तलाश नहीं कर रहे हैं।” ब्रिटेेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस घटना को “भयावह और बेहद चौंकाने वाली खबर” बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं।

मैं पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को उनकी त्वरित प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।” गृह सचिव यवेट कूपर ने कहा कि वह साउथपोर्ट में हुई घटना को लेकर बहुत चिंतित हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं।” स्थानीय सांसद पैट्रिक हर्ले ने कहा कि वह साउथपोर्ट में चाकूबाजी की खबर से बहुत चिंतित हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “मैं प्रभावित लोगों के लिए सर्वोत्तम संभव परिणाम की उम्मीद कर रहा हूं।”मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों, उनके प्रियजनों और पूरे समुदाय के साथ हैं।”

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें