Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

हौथी नेता ने इजरायल की ‘बढ़ती आक्रामकता’ का ‘सैन्य जवाब’ देने की ली शपथ

August 2, 2024

हौथी नेता ने इजरायल की ‘बढ़ती आक्रामकता’ का ‘सैन्य जवाब’ देने की ली शपथ

सना : यमन के हौथी नेता अब्दुल-मलिक अल-हौथी ने चेतावनी दी है कि उनका गुट इजरायल की हालिया ‘बढ़ती आक्रामकता’ का ‘अनिवार्य रूप से’ सैन्य जवाब देगा। अल-हौथी ने गुरुवार को टेलीविजन संदेश में कहा, ‘प्रतिरोध की धुरी का रुख स्पष्ट है, इजरायल के अतिक्रमण का सैन्य जवाब दिया जाना चाहिए।‘ रिपोर्ट के अनुसार, हौथी नेता ने हमास पोलित ब्यूरो प्रमुख इस्माइल हानियेह की हत्या की निंदा की और इसे ‘अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन’ तथा एक ‘दुस्साहसिक अपराध’ बताया जो मानवाधिकारों के प्रति इजरायल की उपेक्षा को दर्शाता है।

हौथी नेता ने लेबनान की राजधानी बेरूत में मंगलवार को हुए इजरायली हवाई हमले की निंदा की, जिसमें हिजबुल्लाह के वरिष्ठ कमांडर फौद शोकोर की मौत हो गई थी। हौथी समूह का उत्तरी यमन के बड़े हिस्से पर नियंत्रण है। यह समूह इजरायल विरोधी ‘प्रतिरोध की धुरी’ के साथ जुड़ा हुआ है, जिसमें ईरान, हिजबुल्लाह, हमास और इराक के आतंकवादी गुट भी शामिल हैं। नवंबर 2023 से हौथी गुट ने गाजा पट्टी में फिलिस्तीनियों संग एकजुटता दिखाने के लिए इजरायल पर सीधा हमला किया था। हौथी बैलिस्टिक मिसाइलों और बम से लदे ड्रोनों का उपयोग करके लाल सागर और अदन की खाड़ी में इजरायल से जुड़े जहाजों को निशाना बना रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें