Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

महिला पहलवान फोगाट को न्याय दिलाने के लिए जरूरी प्रयास करे सरकार

August 7, 2024

महिला पहलवान फोगाट को न्याय दिलाने के लिए जरूरी प्रयास करे सरकार

नयी दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि महिला पहलवान विनेश फोगाट का पेरिस ओलम्पिक में अपने खेल के फाइनल राउंड में तकनीकी आधार पर अयोग्य घोषित किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और भारतीय ओलम्पिक संघ को इस मुद्दे को मजबूती से उठाकर देश की बेटी को न्याय दिलाना चाहिए। खडगे ने कहा, “भारत की शान विनेश फोगाट ने विश्व चैंपियन को हराया लेकिन तकनीकी कारणों से उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया है। वह बहुत कुछ झेल चुकी है। न्याय के लिए फुटपाथ पर विरोध प्रदर्शन से लेकर ओलंपिक के शिखर मंच पर पहुंचने तक, उनके साथ जो हुआ वह बेहद दुखद है।” उन्होंने कहा, “सरकार को अपील करने के लिए सभी प्रयास करने चाहिए और हमारे चैंपियन को न्याय प्रदान करें। हम लोग आपके साथ हैं विनेश फोगाट और हमारी प्रार्थनाएँ आपके साथ हैं। आपका साहस सदैव प्रेरणादायक है। हमें विश्वास है कि आप अधिक दृढ़ संकल्प के साथ रिंग में वापसी करेंगी।”

राहुल गांधी ने कहा, “विश्वविजेता पहलवानों को हरा कर फाइनल में पहुंची भारत की शान विनेश फोगाट काे तकनीकी आधार पर अयोग्य घोषित किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें पूरी उम्मीद है कि भारतीय ओलंपिक संघ इस निर्णय को मजबूती से चैलेंज कर देश की बेटी को न्याय दिलाएगा।” उन्होंने कहा “विनेश हिम्मत हारने वालों में से नहीं हैं, हमें पूरा भरोसा है कि वह अखाड़े में और अधिक मजबूती से वापसी करेंगी। आपने हमेशा देश को गौरवान्वित किया है विनेश। आज भी पूरा देश आपकी ताक़त बनकर आपके साथ खड़ा है।” कांग्रेस पार्टी ने भी अपने आधिकारिक पेज पर ट्वीट किया “विनेश..आप देश का गौरव हैं। आपने पूरी दुनिया में हिंदुस्तान का नाम रोशन किया है और देश की करोड़ों बेटियों को चुनौतियों से लड़ने और आगे बढ़ने का हौसला दिया है। आप चैंपियन हैं और हमेशा रहेंगी। हिंदुस्तान को अपनी इस बेटी पर नाज है और हमेशा रहेगा।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें