Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह की 93 साल के उम्र में निधन

August 11, 2024

पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह की 93 साल के उम्र में निधन

नई दिल्ली। पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह कि लंबी बीमारी के बाद 93 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली है, जहां उन्हें इलाज के लिए कई दिनों से भर्ती कराया गया था। जिसके बाद शनिवार देर रात निधन हो गया। सूत्र ने कहा, ‘नटवर सिंह का शनिवार देर रात निधन हो गया। उनके पुत्र अस्पताल में हैं। परिवार के कई अन्य सदस्य भी दिल्ली आ रहे हैं, जहां रविवार को नटवर सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी।’

कांग्रेस के पूर्व सांसद नटवर सिंह का जन्म 1931 में राजस्थान के भरतपुर जिले में हुआ था। वह 2004-05 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में विदेश मंत्री पद पर काबिज थे। उन्होंने पाकिस्तान में भारत के राजदूत के रूप में भी सेवाएं दी थीं और 1966 से 1971 तक तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यालय से जुड़े हुए थे। नटवर सिंह को 1984 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। उन्होंने कई चर्चित किताबें भी लिखी थीं।

कूटनीति और राजनीति क्षेत्र में खास पहचान बनाई थी
के. नटवर सिंह ऐसे शख्स थे, जिन्होंने कूटनीति और राजनीति के क्षेत्र में तो एक खास पहचान बनाई ही, लेकिन जब लेखन के क्षेत्र में उन्होंने हाथ आजमाए, तो वहां भी उन्हें काफी प्रशंसा मिली। इन खूबियों के अलावा उनके व्यक्तित्व की जिन खासियत ने उन्हें दशकों तक लोकप्रिय बनाए रखा, वह थी उनकी हाजिर जवाबी और साफगोई।

कद्दावर नेताओं में होती थी गिनती
नटवर सिंह की गिनती कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में होती थी, लेकिन उनके पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ कभी बेहद घनिष्ट तो कभी बेहद तल्खी भरे रिश्ते रहे। उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और फिर उनके बेटे राजीव गांधी का बेहद खास या करीबी माना जाता था, लेकिन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के पहले कार्यकाल में उनके ऊपर कुछ आरोप लगे, जिसके बाद सोनिया गांधी के साथ पहले उनका मनमुटाव हुआ और फिर धीरे-धीरे रिश्ते तल्ख होते चले गए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें