Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

टीम इंडिया के बॉलिंग कोच बने दक्षिण अफ़्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज Morne Morkel

August 15, 2024

टीम इंडिया के बॉलिंग कोच बने दक्षिण अफ़्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज Morne Morkel

नई दिल्ली: दक्षिण अफ़्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल को भारत की पुरुष क्रिकेट टीम का गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गाया है। मोर्कल की नियुक्ति से भारतीय टीम का कोचिंग स्टाफ पूर्ण हो गया। इसमें मुख्य कोच गौतम गंभीर के अलावा फील्डिंग कोच टी दिलीप और सहायक कोच के रूप में रेयान टेन डेशकाटे और अभिषेक नायर शामिल हैं। मोर्कल गेंदबाजी कोच बनने की दौड़ में सबसे आगे थे। गेंदबाजी कोच के लिए मोर्कल के अलावा भारत के पूर्व तेज़ गेंदबाज आर विनय कुमार को भी शॉर्टलिस्ट किया गया था। बुधवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने उनकी नियुक्ति की घोषणा कर दी।

मोर्कल दिसंबर 2023 तक पाकिस्तान के गेंदबाजी कोच थे। उनका नाम गंभीर ने बोर्ड को सुझाया था। गंभीर मोर्कल के साथ आईपीएल के दो सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के दल में काम कर चुके थे और इसके साथ ही वह एसए20 में डरबन सुपर जायंट्स के लिए भी मोर्कल के साथ काम कर चुके थे। प्रारंभिक रूप से मोर्कल के सामने भारतीय टीम के घरेलू टेस्ट दौरे की चुनौती होगी, जिसमें भारत को बांग्लादेश और न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ टेस्ट श्रृंखला खेलनी है। इसके अलावा इस साल के अंत में भारत ऑस्ट्रेलिया में पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलने भी जाएगा। ऑस्ट्रेलिया में भारत 1992 के बाद पहली बार पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगा।

भारतीय टीम के पूर्व लेग स्पिनर साईराज बहुतुले श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ़ का हिस्सा थे। अभी इस बात को लेकर स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है कि आख़िर बहुतुले कोचिंग स्टाफ़ का हिस्सा रहेंगे या नहीं। हालांकि ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि भारतीय टीम मैनेजमेंट रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव के इतर भी स्पिन गेंदबाजों का एक समूह तैयार करने के पक्ष में है। ऐसे में अगर बहुतुले को स्थाई तौर पर शामिल नहीं किया जाता है तब उन्हें स्पिन कंसलटेंट की भूमिका दी जा सकती है।

मोर्कल ने अपने 12 वर्षीय अंतर्राष्ट्रीय करियर में 86 टेस्ट, 117 वनडे और 44 टी20 खेले जिसमें उन्होंने 544 विकेट निकाले। एलएसजी और पाकिस्तान की टीम को कोचिंग देने के अलावा वह 2023 के महिला टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड की टीम के साथ भी काम कर चुके हैं। वहीं हाल ही में हुए पुरुष टी20 विश्व कप में वह नामीबिया की टीम के साथ भी काम कर चुके हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें