Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

महिला सुरक्षा पर कड़े कानून बनाने की मांग को लेकर ‘आप’ महिलाओं का प्रदर्शन

August 21, 2024

महिला सुरक्षा पर कड़े कानून बनाने की मांग को लेकर ‘आप’ महिलाओं का प्रदर्शन

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता समेत देश भर में महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए केंद्र सरकार से कड़े कानून बनाने की मांग करते हुए बुधवार को यहाँ विरोध प्रदर्शन किया।

आप की महिला इकाई ने महिलाओं पर हो रहे अत्याचार तथा दुष्कर्म की घटनाओं के खिलाफ और पीड़ित महिलाओं को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी के राजघाट स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित कर प्रदर्शन किया। इस दौरान ‘महिलाओं पर अत्याचार, नहीं सहेगा हिन्दुस्तान, हत्यारे को फांसी दो, देश की बेटी को न्याय दो’ के जमकर नारे लगाए।

आप की महिला इकाई की अध्यक्ष सारिका चौधरी ने कहा कि देश में जिस तरह महिलाओं के साथ घटनाएं बढ़ रही हैं, उससे हम बहुत दुखी हैं। चाहे वह पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार या देश के किसी भी हिस्से में हो रही हो। हम हर रोज अखबार में दुष्कर्म की खबरें पढ़ते हैं। आज छोटी-छोटी बच्चियों के साथ भी दुष्कर्म हो रहा है। केंद्र सरकार को इस पर सख्त कानून बनाना चाहिए। बच्चों के साथ ऐसे जघन्य अपराध करने वालों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, और इसे फास्ट ट्रैक कोर्ट में जल्द से जल्द निपटाना चाहिए। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। छह महीने के भीतर अपराधियों को मौत की सजा मिलनी चाहिए।

इस दौरान ‘आप’ विधायक प्रीति तोमर ने कहा कि हमने महात्मा गांधी के सामने अत्याचार की शिकार बेटी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। दरिंदों को एक दिन सजा तो मिल ही जाएगी, लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि क्या एक मां-बाप की बेटी वापस आ जाएगी। सवाल यह नहीं है कि इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, बल्कि सवाल यह है कि महिलाओं के साथ हो रहे ऐसे अपराधों की गिनती भी पूरी तरह से नहीं हो पाती है क्योंकि न्याय मिलने में वर्षों लग जाते हैं और इतने समय में और कई घटनाएं हो जाती हैं। आज मां-बाप अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। कुछ घटनाएं दबा दी जाती हैं और कई मामले सामने भी नहीं आते।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें