Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘खेड़ा वतन पंजाब दीया -2024’ की मशाल का जालंधर पहुंचने पर स्वागत

August 24, 2024

‘खेड़ा वतन पंजाब दीया -2024’ की मशाल का जालंधर पहुंचने पर स्वागत

जालंधर। पंजाब सरकार द्वारा राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘खेड़ा वतन पंजाब दीया’ के तीसरे सीजन को समर्पित मशाल (टॉर्च रिले) शनिवार को खेल राजधानी जालंधर पहुंची। होशियारपुर से आ रही मशाल का आदमपुर पहुंचने पर प्रमुख खिलाड़यिों, एथलीटों और खेल प्रेमियों ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद जालंधर सर्किट हाउस पहुंचकर उपायुक्त डा. हिमांशु अग्रवाल और अन्य पदाधिकारियों ने मशाल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकार ‘खेड़ा वतन पंजाब दीया’ के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी बनने के लिए एक अच्छा मंच प्रदान कर रही है।

डा. अग्रवाल ने युवाओं को ‘खेड़ा वतन पंजाब दीया -2024’ में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए आमंत्रित किया और कहा कि खेल न केवल हमें मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं बल्कि हमें नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से भी दूर रखते है। उन्होंने कहा कि ‘खेड़ा वतन पंजाब दीया 2024’ के तहत जिले में होने वाली ब्लॉक, जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रशासन द्वारा उचित प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़यिों के लिए आवास, भोजन, सुरक्षा, मेडिकल एवं ट्रैफिक सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं ताकि खिलाड़यिों को कोई परेशानी न हो।

उपायुक्त ने बताया कि इन खेल प्रतियोगिताओं में अंडर 14, 17, 21, 21-30, 31-40, 41-50, 51-60, 61-70 के अलावा 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्ति भाग ले सकते हैं। उन्होंने मशाल को सर्किट हाउस से कपूरथला के लिए रवाना किया, जो स्काईलार्क चौक और गुरु नानक मिशन चौक से होते हुए अगले पड़ाव की ओर रवाना हुई।

गौरतलब है कि आदमपुर में खेल को समर्पित मशाल का स्वागत करने वालों में अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक खिलाड़ी कुंवर अजय राणा, रसदीप कौर, नेहा, रंजीत सिंह, राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी लवप्रीत सिंह और गुरप्रीत सिंह और राष्ट्रीय पदक विजेता पहलवान तरनदीप सिंह सहित प्रमुख खिलाड़ी और खेल प्रेमी शामिल थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें