Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi अपना आत्मविश्वास खो चुके हैं, उनकी सरकार को जल्द हटा देंगे : Rahul Gandhi

September 4, 2024

PM Modi अपना आत्मविश्वास खो चुके हैं, उनकी सरकार को जल्द हटा देंगे : Rahul Gandhi

जम्मू : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया कि हाल में हुए लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपना आत्मविश्वास खो चुके हैं और वह समय दूर नहीं जब उनकी सरकार सत्ता में नहीं रहेगी। जम्मू कश्मीर के बनिहाल विधानसभा क्षेत्र के संगलदान में एक चुनावी रैली में राहुल गांधी ने दावा किया कि केंद्र सरकार को प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और उनके कॉरपोरेट मित्र चला रहे हैं। बेरोजगारी के मुद्दे पर मोदी पर निशाना साधते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी ने कहा कि माल एवं सेवाकर (जीएसटी) और नोटबंदी से छोटे कारोबारियों के हितों को नुकसान पहुंचा है क्योंकि सरकार दो अरबपतियों के लिए काम कर रही है।

राहुल गांधी ने कहा, कि मुझे मोदी के कॉरपोरेट मित्रों अदाणी और अंबानी का नाम न लेने को कहा गया, इसलिए मैं उनके लिए ए1 और ए2 जैसे उपनामों का इस्तेमाल कर रहा हूं। यह सरकार हम दो, हमारे दो की तरह है – मोदी और शाह, तथा अंबानी और अदाणी – ये चारों वास्तव में सरकार चला रहे हैं। कांग्रेस नेता गांधी ने आरोप लगाया कि संविधान के अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को निरस्त करने के बाद जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा छीन लिया गया ताकि दो अरबपतियों को लाभ पहुंचाया जा सके।’’ चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने दावा किया कि जम्मू कश्मीर की स्थिति देश के बाकी हिस्सों से भी बदतर है क्योंकि यहां बेरोजगारी की दर सबसे ज्यादा है और सरकार ने युवाओं के वास्ते रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए कुछ नहीं किया है।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी का आत्मविश्वास तब गायब हो गया जब विपक्षी दल ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत उन्हें चुनौती देने के लिए एकसाथ आए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गांधी ने कहा, हमने मोदी को मनोवैज्ञनिक रूप से उड़ा दिया है। मैं संसद में उनके सामने बैठता हूं और मुझे पता है कि उनका आत्मविश्वास गायब हो गया है.. अब थोड़ा समय बचा है, हम मोदी और भाजपा को सरकार से हटा देंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, कि पहले मोदी ने कहा कि जाति आधारित जनगणना नहीं होगी, लेकिन हमने इस पर जोर दिया। अब आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) कह रहा है कि यह सही है। हमने ‘लेटरल एंट्री’ व्यवस्था का विरोध किया और सरकार पर दबाव बनाया। अब वह डरे हुए हैं।

‘लेटरल एंट्री’ के जरिये यूपीएससी सीधे उन पदों पर उम्मीदवारों की नियुक्ति करता है, जिन पदों पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों की तैनाती होती है। इसमें निजी क्षेत्रों से अलग अलग क्षेत्र के विशेषज्ञों को विभिन्न मंत्रलयों और विभागों में सीधे ज्वाइंट सेक्रेटरी और डायरेक्टर तथा डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर नियुक्ति की जाती है। यूपीएससी ने 17 अगस्त को ‘लेटरल एंट्री’ के माध्यम से 45 संयुक्त सचिवों, निदेशकों और उप सचिवों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की थी। लेकिन इस पर उठे विवाद के बाद 20 अगस्त को केंद्र सरकार ने यूपीएससी को नौकरशाही में ‘लेटरल एंट्री’ से संबंधित नवीनतम विज्ञपन वापस लेने का निर्देश दिया। यूपीएससी ने अपना विज्ञपन वापस ले लिया था।

राहुल गांधी ने कहा, कि आपने देखा है कि पहले के चुनावों में मोदी चौड़ी छाती के साथ आते थे और लंबे भाषण देते थे। लेकिन अब वह संसद में प्रवेश करते समय संविधान की किताब को अपने सिर पर रखते हैं। प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए गांधी ने कहा कि उन्होंने भगवान से सीधा संबंध होने का दावा किया है और उन्होंने रिकॉर्ड पर कहा है कि उनका जन्म नॉन-बायोलॉजिकल’ है। कांग्रेस नेता गांधी ने कहा, कि इस (लोकसभा) चुनाव में मोदी को भगवान से सीधा संदेश मिला है। आपको लग सकता है कि आप सीधे भगवान से बात कर रहे हैं, लेकिन वह केवल जनता की बात सुन रहे हैं और उसके अनुसार काम कर रहे हैं।

कांग्रेस उम्मीदवार एवं पार्टी की जम्मू कश्मीर इकाई के पूर्व प्रमुख विकार रसूल वानी के समर्थन में रामबन जिले के बनिहाल विधानसभा क्षेत्र में रैली के बाद, गांधी गुलाम अहमद मीर के लिए अनंतनाग जिले के अंतर्गत डूरू विधानसभा क्षेत्र में एक और सभा को संबोधित करने वाले हैं। ये रैलियां 18 सितंबर को होने वाले चुनाव के पहले चरण में चुनाव लड़ रहे पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार अभियान का हिस्सा हैं। जम्मू कश्मीर विधानसभा के 90 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें