Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

2,200 करोड़ रुपये का घोटाला करने वाला Online Scammer गिरफ्तार, पुलिस कर रही साथी एक्ट्रेस की तलाश

September 7, 2024

2,200 करोड़ रुपये का घोटाला करने वाला Online Scammer गिरफ्तार, पुलिस कर रही साथी एक्ट्रेस की तलाश

गुवाहाटी: असम पुलिस ने शनिवार को 2,200 करोड़ रुपये के ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाला मामले में एक और गिरफ्तारी की है। पुलिस ने जोरहाट जिले के टिटाबोर इलाके से एक और शख्स को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाले में कथित तौर पर शामिल है। अधिकारियों ने शनिवार को गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि शख्स की पहचान अविनाश परधिया के रूप में हुई है।

उसे टिटाबोर शहर के बोरहोला इलाके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह व्यक्ति की गिरफ्तारी उसके घर से की गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अविनाश परधिया अपने घर से टय़ूशन सेंटर चलाता है और वह गुड लक टय़ूटर सेंटर प्राइवेट लिमिटेड की आड़ में ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाला चला रहा था।

पुलिस ने दावा किया कि गिरफ्तार किए गए शख्स ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए लोगों को अधिक रिटर्न देने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी की है। इससे पहले असम पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाले के मामले में राज्य में छापा मारकर 38 लोगों को गिरफ्तार किया था। इस मामले के दो मुख्य आरोपी विशाल फुकन और स्वप्निल दास को पहले ही गिरफ्तार जा चुका है।

दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें सात दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस को आशंका है कि विशाल फुकन और स्वप्निल दास ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए काफी लोगों को ठगा है, ये राशि लगभग 2,200 करोड़ रुपए के आसपास है।

पुलिस के मुताबिक, विशाल फुकन ने लोगों को लुभाने के लिए अपनी आलीशान लाइफस्टाइल का दिखावा किया। इसके बाद उसने निवेशकों को 60 दिनों के दौरान 30 फीसदी रिटर्न का वादा किया था। उसने निवेशकों से मिले इन पैसों का इस्तेमाल असम की फिल्मों और घरों को खरीदने के लिए किया। इस मामले में असम पुलिस ने डिब्रूगढ़ में उसके आवास पर छापा मारा।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घोटाले से जुड़े करोड़ों रुपये के दस्तावेज बरामद किए। इस बीच, पुलिस को असम की कोरियोग्राफर और एक्ट्रेस सुमी बोरा की तलाश है, जो फुकन के नेटवर्क से जुड़ी हुई बताई जा रही है। आरोप है कि फुकन ने राजस्थान के उदयपुर में हुई सुमी बोरा की शादी में करोड़ों रुपये खर्च किए थे। एक्ट्रेस का पति भी पुलिस की जांच के घेरे में है और वो भी फरार बताया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें