Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

UP के बाद अब इस राज्य में भेड़ियों का आतंक, एक ही परिवार के 5 लोगों पर किया हमला, परिवार में मची चीख-पुकार

September 7, 2024

UP के बाद अब इस राज्य में भेड़ियों का आतंक, एक ही परिवार के 5 लोगों पर किया हमला, परिवार में मची चीख-पुकार

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक परिवार के पांच सदस्यों पर एक भेड़िए ने हमला कर दिया। परिवार के चीख-पुकार के बाद पड़ोसी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और भेड़िए को भगाया। हरसूद के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (SDOP) संदीप वास्कले ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने मीडिया को बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर आदिवासी बहुल खालवा तहसील के मालगांव गांव में शुक्रवार रात 2:30 बजे हुई।

एसडीओपी ने कहा कि इस हमले में एक महिला के हाथ पर घाव हुआ है जबकि चार पुरुषों के हाथ पर भेड़िए ने काटा है। उनका इलाज खंडवा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया जा रहा है। खंडवा डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (डीएफओ) राकेश डामोर ने मीडिया को बताया कि घायलों को रेबीज के टीके और दवाएं दी गई हैं। यह पता नहीं चल सका कि भेड़िया पकड़ा गया है या नहीं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित वीडियो क्लिप को देखते हुए यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह कौन सा जानवर था। वीडियो में जानवर सियार जैसा नजर आ रहा है, जो भेड़िए से थोड़ा छोटा है।‘

पुलिस के इस दावे के बारे में पूछे जाने पर कि यह एक भेड़िया था, डामोर ने कहा कि वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे, लेकिन उन्होंने कहा कि यह वन विभाग है जो वन्यजीवों से निपटता है। मामले की जांच जारी है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। मध्य प्रदेश में यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के बहराइच में भेड़ियों के हमले ने राष्ट्रीय सुर्खियां बटोरी हैं।

पिछले दो महीनों में बहराइच जिले में भेड़ियों के हमलों में सात बच्चों सहित 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि वहां के अधिकारियों के अनुसार, लगभग तीन दर्जन अन्य लोग घायल हो गए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें