Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिसार: घरेलू विवाद के चलते महिला ने निगला जहर, पति सहित पांच ससुराल वालों पर केस दर्ज

September 7, 2024

हिसार: घरेलू विवाद के चलते महिला ने निगला जहर, पति सहित पांच ससुराल वालों पर केस दर्ज

हिसार: हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद उपमंडल के पुट्ठी गांव में घरेलू विवाद के चलते महिला के जहर निगलने का मामला सामने आया है। आपको बता दें कि, शुक्रवार को विवाहिता की हिसार के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

शनिवार को हिसार के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। भिवानी जिले के गांव बागन वाला निवासी मृतक के पिता उमेद सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें बड़ा बेटा अमित, छोटी बेटी 26 वर्षीय मंजू और उससे छोटा पवन कुमार शामिल है।

उसकी बेटी मंजू की शादी 27 नवंबर 2023 को गांव पुट्ठी निवासी मंदीप के साथ हुई थी। उमेद ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी के ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे और दहेज में कार और नकदी की मांग कर रहे थे। उसने अपने बयान में यहां तक ​​बताया कि उसकी बेटी को उसके परिजनों से बात भी नहीं करने दी जा रही थी।

उन्होंने बताया कि 6 सितंबर को सुबह करीब 8 बजे उन्हें पूठी गांव से फोन आया कि मंजू की जान को खतरा है। जैसे ही उन्हें इसकी जानकारी मिली तो वे पूठी के लिए रवाना हो गए। रास्ते में उन्हें पता चला कि मंजू को हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे हिसार के एक निजी अस्पताल में पहुंचे, जहां मंजू आईसीयू में भर्ती थी।

उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने उन्हें बताया कि उसे जहर दिया गया है। उपचार के दौरान मंजू की मौत हो गई। यह सब पता चलने पर मंजू के पिता ने शिकायत दर्ज कराई। मंजू के पिता उमेद सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मंजू के पति मंदीप, ससुर बलवान, सास कांता, ननद मनीषा और मीनू के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 80(2), 123, 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें