Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Paris Paralympics 2024: इलेक्ट्रो डांस पार्टी के साथ पैरालंपिक खेलों का समापन, जानें इन खेलों में किसका रहा दबदबा

September 9, 2024

Paris Paralympics 2024: इलेक्ट्रो डांस पार्टी के साथ पैरालंपिक खेलों का समापन, जानें इन खेलों में किसका रहा दबदबा

पेरिस: खूबसूरत लाइट शो और फ्रांस के इलेक्ट्रॉनिक संगीत के साथ रविवार को यहां पेरिस पैरालंपिक खेलों का समापन हो गया। जीन-मिशेल र्जे ने स्टेड डी फ्रांस में पार्टी की शुरुआत की। उन्होंने अपने संगीत से खिलाड़ियों, स्वयंसेवकों और दर्शकों को थिरकने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के आखिर में लाइट शो का आयोजन किया गया जिसे देखकर दर्शक मंत्र मुग्ध हो गए।

इन खेलों में चीन का दबदबा रहा जबकि भारत ने भी रिकॉर्ड 29 पदक जीते। भारत ने सात स्वर्ण, नौ रजत और 13 कांस्य पदकों के रिकॉर्ड के साथ पेरिस पैरालंपिक खेलों का समापन किया और पदक तालिका में 18वें स्थान पर रहा। भारत तोक्यो में पिछले पैरालंपिक खेलों में पांच स्वर्ण, आठ रजत और छह कांस्य पदक के साथ 24वें स्थान पर था। पेरिस पैरालंपिक खेलों में चीन ने लगभग हर खेल में अपनी छाप छोड़ी।

उसने 94 स्वर्ण पदक जीते जबकि दूसरे नंबर पर रहे ब्रिटेन ने 49 स्वर्ण पदक हासिल किए। चीन ने कुल मिलाकर 220 पदक (94 स्वर्ण, 76 रजत, 50 कांस्य) के साथ अपने अभियान का समापन किया। ब्रिटेन 124 पदक लेकर दूसरे स्थान पर रहा जबकि अमेरिका ने 105 पदक हासिल किए और वह तीसरे स्थान पर रहा। ब्रिटेन ने 49 स्वर्ण पदक के अलावा 44 रजत और 31 कांस्य पदक जीते। अमेरिका ने 36 स्वर्ण, 42 रजत और 27 कांस्य पदक जीते।

ब्राज़ील ने 89 पदक जीते लेकिन नीदरलैंड ने उसके 25 स्वर्ण पदक की तुलना में 27 स्वर्ण पदक जीते जिससे वह चौथे स्थान पर रहा। मेज़बान फ्रांस ने 19 स्वर्ण पदक सहित 75 पदक जीते और वह पदक तालिका में आठवें स्थान पर रहा। अगले पैरालंपिक खेल 2028 में लॉस एंजेलिस में आयोजित किए जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें