Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

South Sudan ने दिसंबर में होने वाले चुनाव दो वर्ष के लिए किए स्थगित, तैयारी नहीं होने का दिया हवाला

September 14, 2024

South Sudan ने दिसंबर में होने वाले चुनाव दो वर्ष के लिए किए स्थगित, तैयारी नहीं होने का दिया हवाला
जुबा : दक्षिण सूडान की सरकार ने दिसंबर में होने वाले चुनाव को दो वर्ष के लिए स्थगित कर दिया है और कहा कि उससे पहले जनगणना, स्थायी संविधान तैयार करने और राजनीतिक दलों के पंजीकरण जैसी प्रक्रियाओं को पूरा किया जाना जरूरी है। राष्ट्रपति के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार टुट गटलुआक ने शुक्रवार को कहा कि अब चुनाव 22 दिसंबर 2026 को होंगे और यह विस्तार महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं को पूरा करने का अवसर प्रदान करेगा।
कैबिनेट मामलों के मंत्री मार्टिन एलिया लोमुरो ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े संस्थानों और सुरक्षा विभाग की सिफारिशों के बाद चुनाव स्थगित किए गए हैं। राष्ट्रीय निर्वाचन आयोग के अध्यक्ष प्रोफेसर अबेदनेगो अकोक ने पिछले महीने कहा था कि देश में चुनाव संबंधी तैयारियां पूरी नहीं है। उदाहरण के लिए मतदाता पंजीकरण जून में शुरू हो जाना चाहिए था लेकिन धन की कमी के कारण यह अब भी लंबित है।
उन्होंने कहा था कि देश आर्थिक संकट से गुजर रहा है जिसके कारण लगभग एक वर्ष से सरकारी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। दक्षिण सूडान का गठन 2011 में हुआ था और यह दूसरी बार है जब देश में चुनाव स्थगित किए गए हैं। राष्ट्रपति साल्वा कीर और उनके पूर्व प्रतिद्वंद्वी तथा उप राष्ट्रपति रीक माचर ने 2018 में एक शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए थे जिससे पांच साल से जारी गृह युद्ध समाप्त हुआ था। इस गृह युद्ध में जिसमें 400,000 से अधिक लोग मारे गए थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें