Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू-कश्मीर की जनता आतंकवाद में पिसती रही, परिवारवाद वाले मौज काटते रहे : PM Modi

September 14, 2024

जम्मू-कश्मीर की जनता आतंकवाद में पिसती रही, परिवारवाद वाले मौज काटते रहे : PM Modi

जम्मू : जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को डोडा में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की हैं। रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस और स्थानीय पार्टयिों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, कि ‘प्रदेश की जनता आतंकवाद में पिसती रही और परिवारवाद वाले मौज काटते रहे।‘

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता ने आतंकवाद के कारण बहुत कुछ सहा है, लेकिन परिवारवाद वाले नेताओं ने आतंकवाद को बढ़ावा दिया और अपने परिवार के लोगों को सरकार में बैठाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने यहां के लोगों के लिए एक से बढ़कर एक संकल्प लिए हैं। उन्होंने कहा, ‘आज ही हमने टीका लाल टपलू को याद किया है, उन्हें श्रद्धांजलि दी है। तीन दशक से ज्यादा हो गये, आज के दिन ही उन्हें आतंकवादियों ने शहीद किया था। उनकी हत्या के बाद कश्मीरी पंडितों के साथ अत्याचार का एक अंतहीन सिलसिला चला। भाजपा ने कश्मीरी पंडितों की आवाज को बुलंद किया, उनके हित में काम किया।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर भाजपा ने कश्मीरी हिंदुओं की वापसी और पुनर्वास के लिए टीका लाल टपलू योजना बनाने का ऐलान किया है। इससे कश्मीरी हिंदुओं को उनका हक दिलाने के काम में तेजी आएगी। भाजपा एक ऐसा जम्मू-कश्मीर बनाने जा रही है – जो आतंक से मुक्त होगा और पर्यटकों के लिए स्वर्ग होगा। पीएम मोदी ने कहा, कि ‘भाजपा का संकल्प और आपका साथ ही शांत, सुरक्षित और समृद्ध जम्मू-कश्मीर बनाएगा। इसलिए आपको 18 सितंबर को भाजपा के सभी उम्मीदवारों को भारी बहुमत से जीताकर विधानसभा भेजना है।‘

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में मतदान तीन चरणों में होंगे, पहले चरण के लिए मतदान 18 सितंबर को, दूसरे चरण के लिए 25 सितंबर और तीसरे चरण के लिए 1 अक्टूबर को होगा। मतगणना के बाद चुनाव के नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में 90 निर्वाचन क्षेत्रों में 87.09 लाख मतदाता हैं। इनमें 42.6 लाख महिलाएं हैं। पहली बार वोट देने के पात्र युवा मतदाताओं की संख्या 3.71 लाख है जबकि कुल मिलाकर 20.7 लाख मतदाता 20 से 29 वर्ष के आयु वर्ग में हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें