Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

MAMC के 2017 बैच के टॉपर छात्र ने की आत्महत्या,मामले की जाँच में जुटी पुलिस

September 16, 2024

MAMC के 2017 बैच के टॉपर छात्र ने की आत्महत्या,मामले की जाँच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: पंजाब के 2017 बैच के नीट टॉपर श्री मुक्तसर साहिब निवासी छात्र ने रविवार को आत्महत्या कर ली। उसका शव दिल्ली के पारसी अंजुमन धर्मशाला के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में रेडियोलॉजी विभाग से एमडी कर रहा था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक का पूरा परिवार दिल्ली पहुंच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस जांच में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया और अपनी जान दे दी। आत्महत्या की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।

परिजनों ने बताया कि नवदीप अपने परिवार के काफी करीब था और ऐसा कोई तनाव या विवाद नहीं था, जिसके चलते वह इतना बड़ा कदम उठाए। मृतक नीट के 2017 बैच का टॉपर था। वह पारसी धर्मशाला में रहता था। रविवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया तो गार्ड ने दरवाजा खटखटाया।

काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो गार्ड ने अन्य लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा। उसने पंखे से लटककर फांसी लगा ली थी। गार्ड ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसका मोबाइल वहां पड़ा मिला। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए लैब भेज दिया। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में उसके दोस्तों से पूछताछ की, लेकिन उसके आत्महत्या करने का कारण पता नहीं चल पाया।

उसके सीनियर डॉक्टर ने बताया कि वह पढ़ाई में काफी अच्छा था। मौलाना आजाद कॉलेज से एमबीबीएस करने के बाद उसने एमडी कोर्स में एडमिशन लिया था और सेकंड ईयर में था। मृतक के पिता गोपाल सिंह सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल हैं। उसकी मां सिमरनजीत कौर एक जीवन बीमा कंपनी में काम करती हैं। उसका एक छोटा भाई भी है, जो चंडीगढ़ के एक कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें