Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी किया मेनिफेस्टो, जनता से किए ये 7 वादे

September 18, 2024

हरियाणा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी किया मेनिफेस्टो, जनता से किए ये 7 वादे

नई दिल्ली: कांग्रेस ने हरियाणा के मतदाताओं से वादा करते हुए आज सात गारंटी देने की घोषणा की और कहा कि राज्य में यदि कांग्रेस की सरकार बनती है तो पार्टी अपने इन वादों को पूरा करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाजरुन खडगे ने इन वादों की घोषणा करते हुए आज यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जब हरियाणा में कांग्रेस की सरकार थी तो पूरे देश में खेल, कृषि, इन्फ्रास्ट्रक्चर और प्रति व्यक्ति निवेश में हरियाणा नंबर एक पर था।

इस बार हमारा संकल्प है कि यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती हे तो फिर से हरियाणा को नंबर एक राज्य बनाएंगे। उन्होंने राज्य के लिए सात घोषणाएं करते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने का वादा किया और कहा कि हर महीने महिलाओं को 2,000 रुपए देने के साथ ही गैस सिलेंडर 500 रुपए में दिया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि हर वरिष्ठ नागरिक को 6,000 रुपए बुढ़ापा पेंशन, 6,000 रुपए दिव्यांग पेंशन, 6,000 रुपए विधवा पेंशन देने के साथ ही पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाएगा।

युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने का वादा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में 2 लाख पक्की भर्ती की जाएगी और नशा मुक्त हरियाणा बनाने के साथ ही हर परिवार की खुशहाली सुनिश्चित की जाएगी। हर परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने के साथ ही 25 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज कराया जाएगा।गरीब परिवार के लोगों को छत, 100 गज का प्लाट, 3.5 लाख की लागत से 2 कमरों का मकान दिया जाएगा।

किसानों को समृद्धि बनाने के लिए पार्टी ने वादा किया है कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य-एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी और फसल का किसान को तत्काल मुआवजा दिया जाएगा। समाज में पिछड़ों को अधिकार देने के लिए जातिगत सर्वे कराया जाएगा और क्रीमी लेयर की सीमा 10 लाख रुपए की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें