Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिजली मंत्री Harbhajan Singh ETO ने 17 नए सहायक इंजीनियरों को सौंपे नियुक्ति पत्र

September 19, 2024

बिजली मंत्री Harbhajan Singh ETO ने 17 नए सहायक इंजीनियरों को सौंपे नियुक्ति पत्र

चंडीगढ़ : पंजाब के बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने आज पंजाब राज्य पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) में 17 नए सहायक इंजीनियरों (ए.ईज) (मैकेनिकल) को नियुक्ति पत्र सौंपे। पंजाब सरकार की टीम में इन नए सहायक इंजीनियरों का स्वागत करते हुए बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने उन्हें बधाई दी और उन्हें समर्पण, मेहनत और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा दी। बिजली मंत्री ने इन सहायक इंजीनियरों की योग्यता पर पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि ये युवा इंजीनियर अपने कौशल का पूरा लाभ उठाकर ईमानदारी से राज्य के नागरिकों की सेवा करेंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की युवाओं को रोजगार देने की पहलों का उल्लेख करते हुए बिजली मंत्री ने बताया कि पीएसपीसीएल द्वारा सीधे तौर पर की गई भर्ती के माध्यम से कुल 3,097 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इसमें आज नियुक्ति प्राप्त करने वाले 17 नवनियुक्त सहायक इंजीनियर भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त, पंजाब राज्य ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसटीसीएल) में 782 नौकरियां प्रदान की गई है।

बिजली मंत्री ने आगे बताया कि 1 अप्रैल 2022 से अब तक, अनुकंपा आधार पर 1,215 नौकरियां प्रदान की गई हैं, जिसमें 272 ग्रुप सी और 943 ग्रुप डी की रिक्तियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार पीएसपीसीएल और पीएसटीसीएल में अब तक 5,094 उम्मीदवारों की भर्ती की जा चुकी है। बिजली मंत्री ने यह भी घोषणा की कि पीएसपीसीएल ने 3,888 पदों की सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है और यह भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी होगी। उन्होंने कहा कि 100 सहायक इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के पद इसी वर्ष अक्टूबर में भरे जाएंगे। बिजली मंत्री ने जोर देकर कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता के लिए कुशल कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और आशा व्यक्त की कि यह नई भर्ती पीएसपीसीएल के कामकाज में सुधार लाएगी।

बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार अपने वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में लोगों को मुफ्त बिजली सप्लाई देने का वादा 1 जुलाई 2022 से प्रति माह 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने के साथ पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पंजाब सरकार योग्य व्यक्तियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और योग्यता के आधार पर उम्मीदवारों का चयन करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर इंजीनियर रविंदर सिंह सैनी (निदेशक एचआर), इंजीनियर इंद्रजीत सिंह (मुख्य इंजीनियर एचआरडी) और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें