Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

राष्ट्रपति मुर्मु ने की आठ उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति

September 22, 2024

राष्ट्रपति मुर्मु ने की आठ उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति

नयी दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आठ उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की है। केंद्र सरकार ने शनिवार को अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कर उन मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति से संबंधी घोषणाएं कीं।

केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग की ओर से जारी अधिसूचनाओं के अनुसार, दिल्ली उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनमोहन को इसी उच्च न्यायालय का नियमित मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया।

इसी प्रकार दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजीव शकधर को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय और न्यायमूर्ति सुरेश कुमार कैत को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया।

कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति इंद्र प्रसन्ना मुखर्जी को मेघालय उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। बॉम्बे उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति नितिन मधुकर जामदार को केरल उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति ताशी रबस्तान को इसी उच्च न्यायालय का नियमित मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। बॉम्बे उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्रीराम कल्पना राजेंद्रन को मद्रास उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एम एस रामचंद्र राव को झारखंड उच्च न्यायालय स्थानांतरित किया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें