Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुरदासपुर : NRI ने दी आत्महत्या की धमकी, सरपंच पर लगाए ये आरोप

September 23, 2024

गुरदासपुर : NRI ने दी आत्महत्या की धमकी, सरपंच पर लगाए ये आरोप

गुरदासपुर : अठवाल गांव में रहने वाले एनआरआई गुरदीप सिंह विदेश से लौटने के बाद गांव में अपने घर का नवीनीकरण करवा रहे हैं। वे घर के बाहर बड़ा गेट लगवा रहे हैं। एनआरआई ने आरोप लगाया कि गांव का सरपंच जो उनका रिश्तेदार भी है, पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज करवाकर उन्हें परेशान करने की कोशिश कर रहा है।

वहीं, गांव के सरपंच मंगलजीत सिंह ने कहा कि यह उनकी साझी जमीन है, जिस पर उनका रिश्तेदार गेट लगाकर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। पुलिस को दी गई शिकायत के बाद दोनों पक्षों को अपने दस्तावेज दिखाने के लिए कहा गया है। फिलहाल गेट लगाने का काम रोक दिया गया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एनआरआई गुरदीप सिंह ने बताया कि उनका पूरा परिवार विदेश में रहता है और वे कुछ दिन पहले ही विदेश से लौटे हैं। उन्होंने बताया कि वे अपने घर का नवीनीकरण करवा रहे हैं और घर के बाहर गेट लगवा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के सरपंच मंगलजीत सिंह जो उनके रिश्तेदार भी लगते हैं, पुलिस की मदद से जानबूझ कर उनके गेट को बंद करवा रहे हैं और उन्हें परेशान कर रहे हैं।

एनआरआई ने धमकी दी है कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो वह घर के बाहर आत्महत्या कर लेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस और गांव के सरपंच की होगी। वहीं गांव के सरपंच मंगलजीत सिंह ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि एनआरआई गुरदीप सिंह उनके रिश्तेदार लगते हैं और यह उनकी सांझी जमीन है।

सरपंच ने कहा कि वह उस जमीन पर खेती तो कर सकते हैं, लेकिन मकान नहीं बना सकते। सरपंच ने कहा कि एनआरआई इस जमीन पर मकान बनाकर कब्जा करना चाहते हैं, इसलिए वह गेट लगा रहे हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज करवाई गई है और दोनों पक्षों को दस्तावेजों के साथ थाने बुलाया गया है। दस्तावेजों की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें