Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

जाति जनगणना बोलने तक से डरते हैं प्रधानमंत्री, नहीं चाहते बहुजन को मिले हक :  Rahul Gandhi

September 23, 2024

जाति जनगणना बोलने तक से डरते हैं प्रधानमंत्री, नहीं चाहते बहुजन को मिले हक :  Rahul Gandhi
नई दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरक्षण के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हमलों को लेकर उस पर पलटवार करते हुए सोमवार को कहा कि ‘बहुजन विरोधी’ भाजपा चाहे कितना भी झूठ फैला ले, लेकिन मुख्य विपक्षी दल आरक्षण पर आंच तक नहीं आने देगा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘जाति जनगणना’ बोलने तक से डरते हैं और वह नहीं चाहते कि बहुजन को उनका हक मिले।
राहुल गांधी ने आरक्षण की 50 प्रतिशत की सीमा को हटाने की पैरवी करते हुए यह भी कहा कि बहुजन को न्याय दिलाना उनके जीवन का मिशन है। अमेरिका में राहुल गांधी द्वारा आरक्षण के संदर्भ में दिए गए बयान को लेकर भाजपा और उसके शीर्ष नेता उन पर लगातार हमले कर रहे हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को जम्मू-कश्मीर की एक चुनावी सभा में आरक्षण के मुद्दे पर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था कि किसी को भी पहाड़ी, गुज्जर, दलित, अन्य पिछड़े वर्गों सहित वंचित वर्गों को दिए गए आरक्षण को छूने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा था, कि ‘राहुल गांधी अमेरिका में कह रहे हैं कि आरक्षण की कोई जरूरत नहीं है। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि आपको पात्र समुदायों के लिए आरक्षण खत्म करने की इजाजत नहीं है।’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सोमवार को पोस्ट किया, ‘‘ बहुजन विरोधी भाजपा चाहे कितना भी झूठ फैला ले, हम आरक्षण पर आंच तक नहीं आने देंगे।’’
उन्होंने कहा, कि ‘‘हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक एक विस्तृत जाति जनगणना न हो जाए, आरक्षण पर से 50 प्रतिशत की सीमा हटा कर हर वर्ग को उनका हक़, हिस्सेदारी और न्याय न मिल जाए और जनगणना से प्राप्त जानकारी भविष्य की नीतियों का आधार न बन जाएं।’’
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जाति जनगणना बोलने तक से डरते हैं और वह नहीं चाहते हैं कि बहुजन को उनका हक़ मिले। उन्होंने कहा, ‘‘मैं फिर से दोहराता हूं कि मेरे लिए यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बहुजनों को न्याय दिलाना ही मेरे जीवन का मिशन है।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें