Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू-कश्मीर: पुलवामा आतंकी हमले के आरोपी की अस्पताल में मौत

September 24, 2024

जम्मू-कश्मीर: पुलवामा आतंकी हमले के आरोपी की अस्पताल में मौत

जम्मू। 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के एक आरोपी की जम्मू शहर के एक सरकारी अस्पताल में मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि आतंकी हमले के आरोपी बिलाल अहमद कुचाय को किश्तवाड़ जिला जेल में सीने में दर्द की शिकायत के बाद जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।अधिकारियों ने बताया, ‘आरोपी का इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार देर रात हृदय गति रुकने से अस्पताल में उसका निधन हो गया। कुचाय पुलवामा जिले के काकापोरा का रहने वाला था।’

ज्ञात हो कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा जिले के लेथपोरा इलाके में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकवादी हमला हुआ था। इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। यह हमला आत्मघाती हमलावर आदिल अहमद डार ने किया था, जिसमें उसकी भी मौत हो गई थी। उसने लेथपोरा में अपनी विस्फोटक से भरी कार को सीआरपीएफ के काफिले से टकरा दिया था। कुचाय आतंकी हमले के तीन मुख्य आरोपियों में से एक था। उसे हमलावरों को सहायता प्रदान करने के आरोप में 2020 में गिरफ्तार किया गया था।

हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित इस्लामी आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। भारत ने इस हमले के लिए पाकिस्तान को दोषी ठहराया था। वहीं पाकिस्तान ने इस घटना से कोई भी संबंध होने से इनकार किया था।

इस हमले ने भारत-पाकिस्तान संबंधों को गहरा झटका दिया, जिसके कारण 2019 में भारत-पाकिस्तान सैन्य गतिरोध हुआ। 26 फरवरी 2019 की सुबह भारतीय वायु सेना ने एयर स्ट्राइक करके पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी शिविरों और प्रशिक्षण केंद्रों पर बमबारी की थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें