Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

गलती से भी कांग्रेस सत्ता में आ गई तो अपनी अंतर्कलह से हरियाणा को बर्बाद कर देगी: PM मोदी 

September 25, 2024

गलती से भी कांग्रेस सत्ता में आ गई तो अपनी अंतर्कलह से हरियाणा को बर्बाद कर देगी: PM मोदी 
सोनीपत। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अगर वह गलती से भी हरियाणा में सत्ता में आ गई तो उसकी अंदरूनी कलह के कारण स्थिरता और विकास दांव पर लग जाएगा और यह राज्य को बर्बाद कर देगा। जिले में पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए गोहाना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने यह भी कहा कि 10 साल पहले कांग्रेस ने हरियाणा को दलालों और दामाद के हाथों में सौंप दिया था। उन्होंने आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला बोला और आरोप लगाया कि आरक्षण का विरोध और उसके प्रति नफरत उसके ‘डीएनए’ में है। मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत ठेठ हरियाणवी भाषा में की और लोगों का अभिवादन ‘राम राम’ कहकर किया। मुख्य विपक्षी पार्टी की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारें ‘अस्थिरता’ के लिए जानी जाती हैं।

मतदाताओं को आगाह करते हुए उन्होंने कहा, हरियाणा को सावधान रहना होगा। हरियाणा का मुझ पर अधिकार है। याद रखिए, अगर गलती से भी कांग्रेस सत्ता में आ गई तो वह अपनी आपसी लड़ाई के कारण हरियाणा को बर्बाद कर देगी। उन्होंने कहा, कांग्रेस में जिस तरह से अंदरूनी कलह बढ़ रही है, उसे पूरा हरियाणा देख रहा है। मोदी ने कहा, यह अस्थिरता हरियाणा में हर काम को रोक देगी। निवेश और नौकरियां प्रभावित होंगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से रॉबर्ट वाद्रा के भूमि सौदों का हवाला देते हुए कहा, हरियाणा को दामाद और दलाल से बचाना है। अपनी अमेरिका यात्र का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने बड़े नेताओं और बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।

मोदी ने कहा, ‘‘मैंने उन्हें भारतीय युवाओं की प्रतिभा के बारे में बताया।’’ उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में पूरी दुनिया में भारत के प्रति विश्वास बढ़ा है।

मोदी ने कहा कि भारत भ्रष्टाचार और परिवारवाद से मुक्त होकर आगे बढ़ रहा है। दुनिया को लगता है कि आने वाले समय में अगर कोई देश सबसे तेजी से आगे बढ़ेगा तो वह भारत ही है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कांग्रेस शासित कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा कि सिद्धरमैया पर भूमि घोटाले का आरोप है और यहां तक कि उच्च न्यायालय ने भी कहा है कि उनके खिलाफ जांच सही थी। कांग्रेस शासित कर्नाटक का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘पिछले कुछ सालों में जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें बनीं, मुख्यमंत्री और मंत्री अंदरूनी कलह में शामिल रहे। उन्हें लोगों के दर्द और समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक में उसके मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अंदरूनी लड़ाई में व्यस्त हैं। तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में भी यही कहानी है।’’ हरियाणा विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राज्य में मोदी की यह दूसरी रैली थी। पहली रैली एक हफ्ते पहले कुरुक्षेत्र में हुई थी। मोदी ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के सत्ता में रहने के दौरान उसकी अंदरूनी कलह का भी जिक्र किया।

सत्तारूढ़ भाजपा हरियाणा इकाई में कथित अंदरूनी कलह को लेकर कांग्रेस पर निशाना साध रही है और उसने यहां तक दावा किया है कि लोकसभा सदस्य और प्रमुख दलित नेता कुमारी सैलजा टिकट वितरण को लेकर अपनी पार्टी से नाखुश हैं और इसलिए चुनाव प्रचार से दूर हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी सैलजा को भाजपा में शामिल होने का निमंत्रण दिया था, लेकिन उन्होंने किसी भी संभावित बदलाव को खारिज करते हुए कहा,  मैं कांग्रेसी हूं और कांग्रेसी ही रहूंगी। प्रधानमंत्री ने आरक्षण के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उसने हमेशा ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को भागीदारी से वंचित रखा।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के शाही परिवार से जो भी प्रधानमंत्री बना, उसने हमेशा आरक्षण का विरोध किया है। आरक्षण का विरोध और आरक्षण से नफरत, कांग्रेस के डीएनए में है।’’ मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जहां भी पैर रखती है, वहां भ्रष्टाचार और पक्षपात होता है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जब वे सत्ता में थे, तो देश की शासन प्रणाली में भ्रष्टाचार पनपता था। उन्होंने आरोप लगाया,  कांग्रेस का शाही परिवार, देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। मोदी ने कहा कि जब आलाकमान भ्रष्ट हो तो नीचे खुली लूट की छूट होती है। हरियाणा कांग्रेस में कथित अंदरूनी कलह का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि यह उसके  पुराने पापों  का नतीजा है।उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 से पहले, जब भूपेंदर सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री थे, एक भी साल ऐसा नहीं था जब दलितों के साथ  अन्याय  न हुआ हो। उन्होंने आरोप लगाया कि कई दलितों ने अपनी जान गंवाई और दलित बेटियों के साथ अत्याचार किए गए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें