Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

खरगे, राहुल ने कहा: जम्मू-कश्मीर में चुनाव राज्य का दर्जा छीनने वालों को सबक सिखाने का मौका 

October 1, 2024

खरगे, राहुल ने कहा: जम्मू-कश्मीर में चुनाव राज्य का दर्जा छीनने वालों को सबक सिखाने का मौका 
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर में तीसरे एवं अंतिम चरण का मतदान आरंभ होने के बाद मंगलवार को मतदाताओं का आह्वान किया कि यह स्वाभिमान एवं अधिकारों का चुनाव है तथा राज्य का दर्जा छीनने वालों को सबक सिखाने का यह आखिरी मौका है। जम्मू-कश्मीर में तीसरे एवं अंतिम चरण में 40 सीट पर मतदान जारी है। इस दौर में 415 उम्मीदवार मैदान में हैं। खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, जम्मू-कश्मीर चुनाव के तीसरे चरण का मतदान शुरू होने के साथ ही मैं इन 40 विधानसभा सीट के लोगों से बड़ी संख्या में अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने का आग्रह करता हूं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों से राज्य का दर्जा छीनने वालों को सबक सिखाने का यह आखिरी मौका है।
खरगे ने कहा, याद रखें कि एक वोट आपकी किस्मत बदल सकता है और एक उज्‍जवल भविष्य की शुरुआत कर सकता है। यह आपके संवैधानिक अधिकारों को सुरक्षित करता है।’’ उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए बेहतर रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने, भ्रष्टाचारियों से मुकाबला करने, अपने भूमि अधिकारों की रक्षा करने और प्रगति एवं समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए एक-एक वोट मूल्यवान है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, हम पहली बार मतदान कर रहे लोगों का स्वागत करते हैं, क्योंकि जम्मू-कश्मीर की भविष्य की दिशा उनकी भागीदारी से तय होगी। मैं आपसे मतदान कतार में शामिल होने का एक बार फिर अनुरोध करता हूं। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘जम्मू-कश्मीर में आज तीसरे और आखिरी चरण का चुनाव है। याद रखें, यह चुनाव प्रदेश के स्वाभिमान का चुनाव है, प्रदेशवासियों के अधिकारों का चुनाव है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि बड़ी संख्या में अपने घरों से बाहर निकल कर ‘इंडिया’ गठबंधन को वोट करें। ‘इंडिया’ गठबंधन को दिया आपका हर वोट, जम्मू-कश्मीर के भविष्य की नींव सुरक्षित करेगा, अपने हक़ के लिए लड़ने की शक्ति देगा।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें