Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

T20 World Cup, IndW vs NZW, 4th Match : विश्व कप के पहले मैच में भारत की शर्मनाक हार, न्यूजीलैंड ने 58 रनों से दी मात

October 4, 2024

T20 World Cup, IndW vs NZW, 4th Match : विश्व कप के पहले मैच में भारत की शर्मनाक हार, न्यूजीलैंड ने 58 रनों से दी मात

आज भारतीय टीम महिला टी20 विश्व कप 2024 में अपने अभियान की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले से करेगी। दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। हरमनप्रीत कौर की टीम इस टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी। न्यूजीलैंड ने इस मैच में टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। कप्तान सोफी डिवाइन ने कहा कि हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। वहीं, भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि हम अच्छा क्रिकेट खेलना चाहते हैं। अपनी टीम के विषय में बात करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी टीम में संतुलन है।

कीवी टीम ने 58 रन से दर्ज की जीत

महिला टी20 विश्व कप में भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ नहीं कर सकी। न्यूजीलैंड ने उन्हें इस मैच में 58 रन से हरा दिया। हरमनप्रीत कौर की टीम इस शिकस्त के साथ ग्रुप ए की अंक तालिका में चौथे पायदान पर पहुंच गई। वहीं, सोफी डिवाइन की टीम जीत के बाद पहले स्थान पर पहुंच गई। दूसरे पायदान पर पाकिस्तान की सेना है, जिन्होंने गुरुवार को श्रीलंका के खिलाफ 31 रनों से जीत दर्ज की थी। दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। सोफी डिवाइन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत कीवियों ने 20 ओवर में चार विकेट पर 160 रनों का स्कोर तैयार किया। जवाब में भारतीय टीम 19 ओवर में 10 विकेट पर 102 रन ही बना सकी। भारत की शुरुआत इस मैच में कुछ खास नहीं हुई। शेफाली वर्मा को कार्सन ने दूसरे ही ओवर में अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ दो रन बना सकीं। कीवी गेंदबाज ने ही स्मृति मंधाना को भी आउट किया। उप-कप्तान सिर्फ 12 रन बना सकीं। इस मुकाबले में भारत का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। हरमनप्रीत 15, जेमिमा 13, ऋचा 12, दीप्ति 13, अरुंधति एक, पूजा आठ, श्रेयंका सात, रेणुका सिंह शून्य और आशा शोभना छह* रन बना सकीं। न्यूजीलैंड के लिए रोजमैरी मायर ने चार, ली ताहुहु ने तीन, एडेन कार्सन ने दो और अमेलिया कर ने एक विकेट चटकाया।

 

भारत को मिला 161 रनों का लक्ष्य:-
महिला टी20 विश्व कप के पहले मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर में चार विकेट पर 160 रन बनाए। सूजी बेट्स और जॉर्जिया प्लिमर ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई, जिसे अरुंधति रेड्डी ने तोड़ा। उन्होंने बेट्स को श्रेयंका पाटिल के हाथों कैच आउट कराया। वह दो चौकों की मदद से 27 रन बनाने में कामयाब हुईं। वहीं, जॉर्जिया ने तीन चौकों और एक छक्के की सहायता से 34 रन बनाए। इसके बाद अमेलिया केर और सोफी डिवाइन ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी हुई। रेणुका सिंह ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर केर को आउट किया। वह सिर्फ 13 बनाकर लौटीं। इसके बाद कप्तान का साथ ब्रूक हॉलीडे ने दिया। दोनों के बीच 46 रनों की साझेदारी हुई जिसे रेणुका ने ही 19वें ओवर में तोड़ दिया। ब्रूक 16 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, सोफी डिवाइन 57 और मैडी ग्रीन पांच रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत के लिए रेणुका ने दो, अरुंधति और आशा शोभना ने एक-एक विकेट लिए।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11:-

भारतीय टीम: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, पूजा वस्त्राकर, श्रेयंका पाटिल, आशा शोभना, रेणुका ठाकुर सिंह।

न्यूजीलैंड टीम: सूजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर, अमेलिया कर, सोफी डिवाइन (कप्तान), ब्रुक हॉलिडे, मैडी ग्रीन, इसाबेला गेज (विकेटकीपर), जेस केर, रोजमेरी मैयर, ली ताहुहू, ईडन कार्सन।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें