Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तराखंड : रूड़की-लक्सर रेलवे मार्ग पर गैस सिलैंडर मिलने से हड़कंप

October 14, 2024

उत्तराखंड : रूड़की-लक्सर रेलवे मार्ग पर गैस सिलैंडर मिलने से हड़कंप

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में रूड़की-लक्सर रेलवे मार्ग पर एक गैस सिलैंडर मिलने से हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि शनिवार सुबह रेल मार्ग पर पड़ा मिला गैस का सिलैंडर खाली था और इस मामले में रूड़की कोतवाली में मुकद्दमा दर्ज कर पुलिस व रेलवे ने जांच शुरू कर दी। लक्सर से रूड़की की ओर जा रही बीसीएन मालगाड़ी के गार्ड को ढंढेरा रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब पौने 7 बजे दूसरी रेलवे लाइन पर एक गैस सिलैंडर पड़ा हुआ दिखाई दिया। गार्ड ने इसकी सूचना मुरादाबाद रेलवे मंडल के अधिकारियों को दी, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने लक्सर स्टेशन अधीक्षक और जीआरपी को इसकी सूचना दी। हरिद्वार के पुलिस अधीक्षक (देहात) स्वप्न किशोर ने बताया कि रुड़की आने वाले रेल मार्ग के बीच में 3 किलोग्राम का एक छोटा सिलैंडर पड़ा हुआ था, जिसकी सूचना मिलते ही आरपीएफ व पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और सिलैंडर को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि यह सिलैंडर खाली था। रूड़की सिविल लाइन कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई। घटना के वक्त उस मार्ग पर कोई ट्रेन नहीं आनी थी। प्रथम दृष्टया इसमें कोई साजिश नजर नहीं आ रही है लेकिन इसके बावजूद मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें