Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

Shraddha Kapoor के लिए फैशन सादगी और कम्फर्ट का नाम, बोलीं- काफी खोज परख कर अपने हिसाब से करती हूं सिलेक्ट

October 14, 2024

Shraddha Kapoor के लिए फैशन सादगी और कम्फर्ट का नाम, बोलीं- काफी खोज परख कर अपने हिसाब से करती हूं सिलेक्ट

नई दिल्ली : 2010 में ‘तीन पत्ती‘ से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली श्रद्धा कपूर ने अपनी फैशन यात्रा का राज बताया है। उनके मुताबिक ये उनकी खोज और फिर उनमें कुछ बेहतर करने की ललक पर आधारित है। लेबल कल्कि के लिए शो स्टॉपर रही श्रद्धा ने बताया, कि ‘मेरे डेब्यू के बाद से, मेरी फैशन यात्रा एक्सप्लोरेशन और रिफाईनमेंट की रही है। शुरू में मैंने यह पता लगाने के लिए विभिन्न शैलियों के साथ प्रयोग किया कि मेरे लिए सबसे उपयुक्त क्या है। समय के साथ मैंने शैली की एक अधिक परिभाषित समझ विकसित की है, ऐसे आउटफिट्स का चयन करती हूं जो मेरे व्यक्तित्व और मेरी भूमिकाओं के अनुरूप हों।‘

इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के मामले में श्रद्धा ने शाहरुख खान, सलमान खान, प्रियंका चोपड़ा जोनास, दीपिका पादुकोण और करीना कपूर खान जैसी कई हस्तियों को पीछे छोड़ दिया है। इंस्टाग्राम पर इनके 93.6 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उन्होंने ट्रेडिशनल और कंटेम्परेरी लुक के बीच संतुलन बनाना सीखा है। उन्होंने कहा, कि ‘मैंने पारंपरिक और समकालीन दोनों तरह के लुक को अपनाना सीखा है और अपने कपड़ों को अपने व्यक्तिगत और पेशेवर ग्रोथ के हिसाब से ढाला है।‘

दिग्गज अभिनेता शक्ति कपूर की बेटी श्रद्धा के लिए फैशन ‘सादगी और उसे रिफाइन ‘ करने के मिश्रण का नाम है। उन्होंने कहा, कि ‘मैं अपने फैशन सेंस को सादगी और रिफाईनमेंट के मिश्रण के रूप में वर्णित करूंगी। मैं ऐसे मिनिमलिस्ट डिजाइन की ओर आकर्षति होती हूं जिसमें बारीकी पर ध्यान दिया जाए। मेरे लिए कम्फर्ट जरूरी है, लेकिन मैं अपने लुक को नया और वर्सेटाइल बनाए रखने के लिए अलग-अलग स्टाइल के साथ प्रयोग करना भी पसंद करती हूं।‘

अभिनेत्री इस बात से सहमत हैं कि फिल्मों में काम करने से उनके पहनावे पर असर पड़ता है। कहती हैं, ‘बिल्कुल, मेरी फिल्मी भूमिकाओं ने मेरे फैशन विकल्पों को प्रभावित किया है। मैं जो भी किरदार निभाती हूं, वो स्टाइल के बारे में एक नया नजरिया पेश करता है और मैं अक्सर अपनी भूमिकाओं के तत्वों को अपनी व्यक्तिगत अलमारी में शामिल करती हूं।’’ लोगों की नजरों में आने से श्रद्धा अपने फैशन स्टेटमेंट के बारे में ज़्यादा जागरूक हो गई हैं, जिससे उन्हें ‘‘ऐसे आउटफिट चुनने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है जो मेरे दर्शकों को पसंद आए और मेरी उभरती हुई छवि को दर्शाएं।’’

2010 में अपने डेब्यू के बाद से ही श्रद्धा ने ‘‘बागी’’, ‘‘आशिकी 2’’, ‘‘एक विलेन’’, ‘‘हैदर’’, ‘‘छिछोरे’’, और ‘‘तू झूठी मैं मक्कार’’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया है। श्रद्धा मानती हैं कि फिल्मों का फैशन पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है। अभिनेत्री ने कहा, कि ‘दर्शक अक्सर प्रेरणा के लिए सिनेमा की ओर देखते हैं और स्क्रीन पर दिखाए जाने वाले स्टाइल मुख्यधारा के फैशन को प्रभावित कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, किसी फिल्म का कोई खास आउटफिट या हेयरस्टाइल एक लोकप्रिय ट्रेंड बन सकता है।’’

उन्होंने साझा किया: ‘‘अभिनेताओं के रूप में, हमारे पास डिजाइनरों और स्टाइलिस्टों के साथ मिलकर ऐसे लुक बनाने का अवसर है जो न केवल हमारे किरदारों को निखारें बल्कि दर्शकों को भी प्रेरित करें।’’ अभिनेत्री ने कल्कि लेबल के लिए मुश्क नामक उनके कलेक्शन के लिए कैटवॉक किया। कलेक्शन में कढ़ाई वाले जैकेट, चौड़े बॉटम्स और लहंगे शामिल हैं। श्रद्धा ने शानदार गुलाबी लहंगा पहना था जिसमें बारीक बनारसी काम था। बताया गया कि ये 350 घंटे में बनकर तैयार हुई। श्रद्धा ने कहा कि कल्कि के डिजाइन उनकी सोच से मेल खाते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें