Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

झारखंड में गैंगरेप की दो घटनाओं में 8 आरोपी गिरफ्तार

October 14, 2024

झारखंड में गैंगरेप की दो घटनाओं में 8 आरोपी गिरफ्तार

रांची। झारखंड के पलामू और लातेहार जिले में दलित और आदिवासी समुदाय की लड़कियों से गैंगरेप की दो घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में सूचना मिलते ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा का मेला देखकर घर लौट रही दलित और आदिवासी समाज की दो नाबालिग लड़कियों के साथ शुक्रवार की शाम छह लड़कों ने गैंगरेप किया था। पहले इस घटना को दबाने की कोशिश हुई। पीड़िता और उसके परिजनों का आरोप है कि गांव में पंचायत बुलाकर उन्हें पुलिस के पास पहुंचने से रोकने की कोशिश की गई।

रविवार देर शाम पीड़िता और उनके परिजनों ने नौडीहा बाजार थाना पहुंच कर इसकी एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने सोमवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में विक्रम पासवान, अरविंद सिंह, मंदीप पासवान, पप्पू पासवान शामिल हैं। इनमें एक मुखिया (ग्राम प्रधान) का पुत्र है। दो अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।

दूसरी घटना लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र की है, जहां महुआडांड़ बाजार से रविवार शाम घर लौट रही एक आदिवासी लड़की के साथ युवकों ने गैंगरेप किया। बदहवास हालत में घर पहुंची युवती ने परिजनों को इसकी जानकारी दी।

सोमवार को पीड़िता और गांव के लोगों ने थाने पहुंचकर वारदात की एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया। सभी महुआडांड़ प्रखंड मुख्यालय के रहने वाले हैं। पीड़ित लड़कियों की मेडिकल जांच कराई जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें