Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

भाजपा की सरकारें अपराध और अपराधियों को काबू करने में पूरी तरह नाकाम : आप

October 14, 2024

भाजपा की सरकारें अपराध और अपराधियों को काबू करने में पूरी तरह नाकाम : आप

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं वहां अपराध चरम पर है और सरकारें अपराध और अपराधियों को काबू करने में पूरी तरह से नाकाम हैं।

आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को कहा कि पूरे देश में जहां-जहां भाजपा का शासन है, वहां अपराध चरम पर हैं। हत्या, लूट, अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं लगातार हो रही हैं। व्यापारियों पर गोलीबारी और वसूली की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। इसके बावजूद, भाजपा की केंद्र से लेकर राज्य तक की सरकारें इन अपराधों पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई हैं। ताज़ा मामला विजयादशमी के दिन महाराष्ट्र में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का है। वह महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री थे और उनका बेटा वर्तमान में वहां विधायक है। बाबा सिद्दीकी विपक्ष के नेता नहीं थे, बल्कि एनसीपी अजीत पवार गुट से सत्ता पक्ष के नेता थे। उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई थी, इसके बावजूद उनकी सरेआम हत्या कर दी गई।

सिंह ने कहा कि इसी तरह दिल्ली में एक जिम मालिक की हत्या कर दी गई। करणी सेना के अध्यक्ष की हत्या कर दी गई। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई। लॉरेंस बिश्नोई नाम का गैंगस्टर पूरे देश में अपना गैंग चला रहा है। वह खुलेआम धमकी देता है और फिर हत्या हो जाती है। पुलिस कुछ नहीं कर पाती। दिल्ली में, जहां केंद्र सरकार बैठी हुई है और यहां की सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री मोदी की है, वहीं ग्रेटर कैलाश में एक जिम मालिक की हत्या हो गई। इसमें भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम आया। यहां तक कि बाबा सिद्दीकी, सिद्धू मूसेवाला और करणी सेना के अध्यक्ष की हत्या में भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया है। लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की जेल में बैठकर पूरे देश में अपना गैंग चला रहा है, लेकिन पुलिस और भाजपा की सरकारें कुछ नहीं कर पा रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें