Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली हार के बाद Rishabh Pant ने किया खास पोस्ट

October 21, 2024

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली हार के बाद Rishabh Pant ने किया खास पोस्ट

बेंगलुरु: भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने रविवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली करारी हार के बाद अगले मुकाबले में कमबैक करने का पक्का इरादा बना लिया है। ऋषभ पंत ने दूसरी पारी में जुझारू बल्लेबाजी की और मात्र एक रन से शतक से चूक गए। मैच के बाद उन्होंने एक भावुक पोस्ट शेयर किया और अगले मुकाबले में टीम की जोरदार वापसी का भरोसा दिलाया है।

उन्होंने कहा, यह गेम आपकी लिमिट को टेस्ट करता है। यह आपको एकदम से नीचे ले जाएगा, फिर ऊपर पहुंचा देगा और एक बार फिर से एकदम नीचे कर देगा। लेकिन, जो लोग इस चीज को पसंद करते हैं, वो हर बार मजबूती के साथ डटे रहते हैं। बेंगलुरु के क्राउड ने जिस तरह का प्यार और सपोर्ट दिया है, उसके लिए उन्हें आभार। हम मजबूती के साथ कमबैक करेंगे। पहली पारी में मिली असफलता के बावजूद भारत ने सरफराज खान (150) और ऋषभ पंत (99) की मदद से दूसरी पारी में जोरदार वापसी की और स्कोरबोर्ड पर 462 रन जोड़े और मेहमान टीम के सामने 107 रन का लक्ष्य रखा।

इस लक्ष्य का पीछा करते हुए विल यंग (नाबाद 48) और रचिन रविंद्र (नाबाद 39) ने 75 रनों की मैच विजयी साझेदारी की, जिससे न्यूजीलैंड ने आठ विकेट से टेस्ट जीतकर तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। न्यूजीलैंड की पहली पारी में जडेजा की गेंद पर विकेटकीपिंग करते हुए पंत के दाहिने घुटने में चोट लग गई थी। उनकी अनुपस्थिति में ध्रुव जुरेल ने मैच के बाकी बचे हिस्से में विकेटकीपिंग की।

हालांकि, पंत दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने आए और उन्होंने 99 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और शनिवार को सरफराज खान (150) के साथ 177 रनों की शानदार साझेदारी भी की।यह 1988 (36 साल बाद) के बाद से भारत में न्यूजीलैंड की पहली टेस्ट जीत थी। भारतीय धरती पर 37 टेस्ट मैचों में सिर्फ तीसरी जीत थी। न्यूजीलैंड 2000 के बाद से भारत में चौथी पारी में 100+ के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने वाली पहली मेहमान टीम भी बन गई। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच 24 अक्टूबर से पुणे में खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज का तीसरा और अंतिम टेस्ट मैच 1 नवंबर से मुंबई में होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें