Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Big Breaking : पंजाब उपचुनाव के लिए BJP ने उम्मीदवारों का किया ऐलान, देखें लिस्ट

October 22, 2024

Big Breaking : पंजाब उपचुनाव के लिए BJP ने उम्मीदवारों का किया ऐलान, देखें लिस्ट

चंडीगढ़/नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब की चार विधानसभा सीट पर 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए मंगलवार को 3 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। पार्टी ने इन उपचुनावों में दूसरों दलों से भाजपा का दामन थामने वाले नेताओं पर भरोसा जताया है। चार विधानसभा सीट पर उपचुनाव की जरूरत इन सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायकों के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने की वजह से पड़ी है। वहीं, भाजपा ने मेघालय की एक सीट से भी उम्मीदवार की घोषणा की है। पार्टी ने पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल को गिद्दड़बाहा सीट से मैदान में उतारा है। बादल साल 2023 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।

गिद्दड़बाहा से कांग्रेस विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के लुधियाना लोकसभा सीट से इस साल के शुरू में जीत दर्ज करने के बाद यह विधानसभा सीट रिक्त हो गई थी। भाजपा ने बरनाला सीट से पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को टिकट दिया है। ढिल्लों इस सीट से दो बार कांग्रेस के टिकट पर विधायक रह चुके हैं। उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया था। ढिल्लों को पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का बेहद करीबी माना जाता है।

बरनाला विधानसभा सीट गुरमीत सिंह मीत हेयर के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई थी। हेयर ने 2017 और 2022 में यह सीट जीती थी। भाजपा ने डेरा बाबा नानक विधानसभा क्षेत्र से रविकरण कहलों को टिकट दिया है। कहलों पहले शिरोमणि अकाली दल में थे लेकिन उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निकाल दिया गया था। इसी साल मई में उन्होंने भाजपा का दामन थामा था। पिछले विधानसभा चुनाव में डेरा बाबा नानक से सुखजिंदर सिंह रंधावा ने जीत दर्ज की थी। रंधावा के गुरदासपुर से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी।

भाजपा ने चब्बेवाल सीट से किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। तत्कालीन विधायक राज कुमार चब्बेवाल के होशियारपुर से लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद इस सीट पर चुनाव कराना जरूरी हो गया था। भाजपा ने मेघालय की गाम्बेग्रे विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बर्नार्ड मारक को उम्मीदवार बनाया है। उपचुनाव के लिए दोनों राज्यों में मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें